|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior सारंगपुर. पिछली पांच विधानसभाओं में सारंगपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा विधायक अमरसिंह कोठार का सोमवार दोपहर करीब दो बजे इंदौर के गोकुलदास अस्पताल में निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे।
श्री कोठार के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रविवार शाम को उन्हें सीने में तकलीफ होने से इंदौर के गोकुलदास अस्पताल में भर्ती किया गया था। श्री कोठार के निधन से पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई।
सरल स्वभाव के कारण वे सभी के प्रिय थे। श्री कोठार का पार्थिव शरीर इंदौर से रात्रि को यहां लाकर अंतिम दर्शन के लिए एबी रोड भोजनगर स्थित उनके निवास पर रखा गया। अंतिम यात्रा मंगलवार को सुबह 11बजे से निकाली जाकर कपिलेश्वर मुक्तिधाम पर दाह संस्कार होगा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और सांसद लक्ष्मण सिंह ने श्री कोठार के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
जीवन का सफर
अमरसिंह कोठार का जन्म एक साधारण बुनकर परिवार में मोतीलाल कोठार के घर 31 जनवरी 1931 को हुआ था। उनका विद्यार्थी जीवन कक्षा 8वीं तक रहा। वे बचपन से ही सामाजिक गतिविधियों में भाग लेते रहे और गरीब, मजदूरों के लिए निरंतर संघर्ष करते रहे।
श्री कोठार ने बुनकरों की समितियां बनाकर उनको सबल करने की दिशा में बहुत काम किए। उनका विवाह गेंदीबाई के साथ सन् 1954 में हुआ था। उनकी छह पुत्रियां तथा एक पुत्र है, जो इस समय सिंचाई विभाग भोपाल में अधीक्षण यंत्री हैं।