|
जयपुर. बर्फीली हवा से सोमवार को शहरवासियों की दिनचर्या कुछ ठहर-सी गई। तन भेदती हवा ने बच्चों से लेकर बड़ों तक को ठिठुरा दिया। नए साल की सबसे सर्द पिछली रात में पारा 3 डिग्री तक फिसल गया। मकर संक्रांति के बाद बढ़ते तापमान से यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि सर्दी से पीछा छूटने को है, लेकिन बर्फीली हवाओं ने हालात बदल दिए।
इन दिनों लोग सीजन के सबसे सर्द दिन झेलने को विवश हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक यह दौर बने रहने की संभावना है। सर्दी से बचाने के लिए मां-बाप इन दिनों बच्चों का खास तौर पर ख्याल रख रहे हैं। बच्चों को दिनभर लबादों से लपेटकर रखा जा रहा है। सर्दी इस कदर हावी है कि बच्चे सवेरे बिस्तर नहीं छोड़ पा रहे।
प्रतापनगर में रहने वाली नन्ही उर्वशी मित्तल को मम्मी-पापा सोमवार सवेरे बमुश्किल ही तैयार कर पाए। वाहनों में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जाते दिखे। अचानक बढ़ी सर्दी से स्कूल में भी बच्चों की परेशानी हुई।