|
जयपुर. नृत्यांगना मल्लिका साराभाई जयपुर में ‘अनसुने लोगों की दास्तान’ को उजागर करेंगी। उनका यह विशेष कार्यक्रम 25 जनवरी को शाम 6.30 बजे जवाहर कला केंद्र में अमान संस्था की ओर से आयोजित किया जाएगा। साराभाई की यह प्रस्तुति नृत्य एवं संगीत पर आधारित नाट्य प्रस्तुति है। इस प्रकार की नाट्य प्रस्तुति वे जयपुर में पहली बार देंगी।
इस प्रस्तुति में गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी हर्ष मंदर की सच्चे संघर्ष की कहानियों की पुस्तक ‘अनसुनी आवाजें’ से चुनिंदा पांच कहानियां मंचित की जाएंगी। इन कहानियों में उन लोगों के संघर्ष की दास्तान दिखाई देगी जो आम तौर पर हमारी नजरों से ओझल रहते हैं।
इसमें कुष्ठ रोगी, कचरा बीनने वाले व सड़कों पर जीवनयापन करने वाले बच्चे, दंगा पीड़ित औरत, मैला ढोने वाले बेजुबान लोग और दो गज जमीन के लिए संघर्ष करने वाले शामिल हैं। ये नाट्य प्रस्तुतियां केवल इन लोगों की हताशा और निराशा की दास्तान ही नहीं, बल्कि उनके संघर्ष एवं साहस की विजयी कथाएं भी कहेंगी।