|
इंदौर. महापौर ने इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष को एक चिट्ठी लिखी। मजमून है प्राधिकरण के विकास कार्यो के दौरान खुदाई में निकल रही काली व पीली मिट्टी निगम के बगीचों के लिए उपलब्ध कराएं।
चिट्ठी प्राधिकरण पहुंच गई है लेकिन अध्यक्ष को नहीं मिली। हालांकि वे मिट्टी देने को तैयार हैं लेकिन मामला दूरी पर अटक सकता है। महापौर को जानकारी है ठेकेदार से पांच किलोमीटर के दायरे में मिट्टी डलवाई जा सकती है जबकि प्राधिकरण अध्यक्ष यह दायरा आधा किलोमीटर बताते हैं।
आधा किलोमीटर ही सीमा
प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा ने बताया चिट्ठी तो नहीं मिली है लेकिन हमें मिट्टी देने में कोई आपत्ति नहीं। अनुबंध के मुताबिक ठेकेदार से आधा किलोमीटर क्षेत्र में मिट्टी डलवा सकते हैें। निगम को इससे ज्यादा दूरी पर चाहिए तो अपने डंपर लगाए या ठेकेदार को अतिरिक्त भुगतान करे।
पांच किलोमीटर की जानकारी
महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने प्राधिकरण से मिट्टी मांगने की पुष्टि करते हुए बताया निगम को बगीचों के गड्ढे भरने और अन्य कार्यो के लिए मिट्टी चाहिए। हमें जानकारी थी निगम ठेकेदार से पांच किलोमीटर के दायरे में मिट्टी डलवा सकता है। छूट आधा किलोमीटर तक है तो चर्चा कर समाधान निकालेंगे।