|
इंदौर.
इस मौसम का सबसे कम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रविवार-सोमवार की दरमियानी रात दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री कम 22.3 रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार यदि आसमान खुला रहा तो तापमाम में और गिरावट आ सकती है।
शनिवार रात अचानक उत्तर-पूर्वी हवा की रफ्तार तेज हुई और तापमान गिरना शुरू हुआ। बीते 48 घंटो में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। सोमवार को हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटा रहने से फिजा में दिनभर ठंडक घुली रही।
तापमान व सेंसेक्स की गिरावट पर ही होती रही बात
सोमवार को शहर में दो ही मुद्दों पर बातचीत होती रही। एक सेंसेक्स की गिरावट और दूसरी तापमान की। शेयर बाजार से हजारों प्रभावित हुए तो ठंड से शहर का हर शख्स। सोमवार सुबह घर से निकलते ही लोगों का सामना ठंडी हवा के झोंकों से हुआ। कुछ दिनों में तापमान बढ़ने से अलमारियों में पहुंच गए स्वेटर्स और गरम कपड़े भी बाहर निकालना पड़े।
दो दिन से दस्तक दे रही थी ठंड का रंग सोमवार को जम ही गया। आलम यह था कि मारे ठंड के गाड़ी चलाने वालों के हाथ अकड़ गए। जिन्हें घर से बाहर निकलने के पहले ही अंदाजा हो गया था वे तो स्वेटर, मफलर, इनर और मोजे पहनकर ही निकले।
फिर भी ठंड लगी तो बचने के लिए दफ्तर या घर में ही ठहर गए। इसी कारण सड़कों पर चहल-पहल अन्य दिनों से कम रही। जानकारों का मानना है कि हवा का रुख ऐसा ही बना रहा तो तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।