Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

8 घंटे बाद पकड़ लिए गए लूट के आरोपी

बिलासपुर. रतनपुर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट लिखाने के आठ घंटों के भीतर ही तीनों आरोपियों को माल समेत धर दबोचा। पुलिस ने लुटेरों से वारदात में प्रयुक्त हथियार व लूटी गई 117 तोला चांदी बरामद कर ली है। तीनों को उनके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया। रतनपुर पुलिस के मुताबिक 19 और 20 जनवरी की दरमियानी रात ग्राम सेमरा, भरारी निवासी छेदीलाल साहू रामायण देखने के लिए गया हुआ था।

उस समय घर में केवल उसकी पत्नी 50 वर्षीय बिसाहीन बाई और नातिन थीं। लगभग 12:30 बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया। वृद्धा ने सोचा कि उसका पति वापस आ गया है। उसने दरवाजा खोला तो हाथों में हथियार रखे तीन युवक दरवाजे को धक्का देकर घर में घुस आए और तुरंत दरवाजा बंद कर दिया। युवकों ने मुंह में गमछा बांध रखा था। दो युवकों के हाथ में चाकू और एक के हाथ में रिवाल्वर था।

चाकू रखे एक युवक ने वृद्ध के गले में चाकू रख लिया और दूसरे ने उसकी नातिन के। इसके बाद रिवाल्वर रखे युवक ने उससे तिजोरी की चाबी मांगी। वृद्धा ने उन्हें अपनी पेटी की चाबी दे दी। युवकों ने पेटी में रखे चांदी के जेवर समेट लिए। इसके बाद वे वृद्धा से रुपयों की मांग करने लगे। वृद्धा ने रुपए होने से इंकार कर दिया। युवकों के कहने पर वृद्धा ने पहने हुए जेवर भी उतार दिए। इन्हें समेटकर युवक चंपत हो गए।

वृद्धा और उसकी नातिन दोनों के गले में चाकू से खरोंच लग गई थी। 20 जनवरी की सुबह छेदीलाल रामायण देखकर वापस घर पहुंचा। वृद्धा ने उसे घटना के बारे जानकारी दी। इसके बाद हड़बड़ाकर वह गांव के सरपंच और कोटवार के पास पहुंचा। दिन भर उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल की। रात लगभग 8:50 को वे रतनपुर थाना रिपोर्ट लिखाने पहुंचे।

बिसाहीन बाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 458, 394 के तहत जुर्म दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू की। इसके बाद वृद्धा से आरोपियों के बारे में पूछताछ की गई। थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता को दी। उनके निर्देशन पर श्री वासनिक, एएसआई जीआर यादव, प्रधान आरक्षक हेमंत आदित्य, आरक्षक अजय, मुरली व धर्मेन्द्र शर्मा को साथ लेकर घटनास्थल पहुंचे।

पुलिसकर्मियों ने आसपास ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में पता चला कि गांव का ही 22 वर्षीय हरीश पिता छलीराम साहू रात में उस घर के आसपास घूम रहा था। इस पर पुलिस ने उसके घर में दबिश दी, लेकिन वह घर में नहीं मिला। पुलिस टीम वहां से लौट गई। 21 जनवरी तड़के 5 बजे पुलिस फिर से उसके घर पहुंची और उसे घर से हिरासत में ले लिया। उसे थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई।

इसमें उसने लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार लिया। उसने बताया कि वारदात में सेमरा निवासी 19 वर्षीय पमल पिता रामावतार साहू तथा भरारी का 19 वर्षीय नवल पिता संतोष सूर्यवंशी शामिल था। इस पर पुलिस ने अन्य दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

उनके पास से घर से लूटा गया 1 चांदी का लच्छा, 2 जोड़ी पायल, 1 कड़ा, 3-4 बिछिया, चांदी के सिक्कों का हार, 12 सिक्के, करधन समेत कुल 117 तोला चांदी के जेवर, वारदात में प्रयोग किए गए 3 चाकू व 1 नकली रिवाल्वर जब्त की। जब्त की गई प्लास्टिक की रिवाल्वर देखने में बिल्कुल असली रिवाल्वर की तरह लगती है। गहनों की कीमत 25 हजार रुपए के आसपास है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: