Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

चावल नहीं मिला,मिलने लगीं शिकायतें

बिलासपुर. कलेक्टोरेट में सोमवार को पूरे दिन फरियादियों का तांता लगा रहा। गांवों के लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें से अधिकांश मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना का चावल न मिलने की शिकायत लेकर आए थे। सभी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी फरियाद सुनाई।

ग्राम लोखंडी के ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की है कि गांव के कई गरीब लोगों के राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं, जिससे उन्हें मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब ग्रामीण मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। सरपंच, उपसरपंच के प्रमाणित करने के बाद भी उनका राशन कार्ड नहीं बनाया गया है। ज्ञापन में योजना से वंचित ग्रामीणों की सूची भी दी गई है।

इसी तरह बिल्हा ब्लाक के ग्राम निपनिया के करीब तीन दर्जन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खाद्यान्न योजना में गांव के सरपंच की मनमानी चल रही है। राशन कार्ड बनाते समय कई ग्रामीणों को छोड़ दिया गया है, जिससे वे तीन रुपए किलो में मिल रहे चावल से वंचित हो गए हैं।

सरपंच के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा

कोटा जनपद के ग्राम अमाली के ग्रामीणों ने सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि रोजगार गारंटी योजना के मस्टररोल में सचिव और सरपंच की मिलीभगत से 24 लोगों के फर्जी नाम जोड़े गए थे। इस मामले की जांच के बाद सचिव को निलंबित कर दिया गया, लेकिन सरपंच पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि इस गड़बड़ी में वह बराबर का हिस्सेदार था।

ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि आडिट में सरपंच, सचिव ने जिन कार्यो की जानकारी दी है, वे गांव में हुए ही नहीं है। हैंडपंप मरम्मत, गौठान निर्माण, खरंजा निर्माण व मरम्मत के कार्यो के नाम पर लाखों रुपए का गबन कर लिया गया। उन्होंने कलेक्टर से जांच व कार्रवाई की मांग की है।

शराब बिक्री और गुंडागर्दी

ग्राम देवरीडीह में अवैध रूप से शराब बिक्री और गुंडागर्दी करने की शिकायत कलेक्टर से की गई है। देवरीडीह व देवरीखुर्द के ग्रामीणों ने आज कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि अवैध शराब व गांजा बिक्री के कारण देवरीडीह में आए दिन मारपीट व आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा शिकायतों के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की जा रही।

गांव की शांति समिति व महिला समूह ने इस संबंध में दो दिन पहले एक बैठक रखी थी। बैठक के दौरान बजरंग शर्मा नामक व्यक्ति ने महिलाओं से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्टे उस दिन थाने का एक सिपाही स्वयं नशे में धुत था। उगाही के चक्कर में अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने कलेक्टर व एसपी से मामले की जांच की मांग की है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: