|
अजमेर. राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर पटेल स्टेडियम के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है। स्टेडियम के आसपास के मकानों में रहने वालों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। पुलिस और खुफिया विभाग का यह सर्वे 23 जनवरी तक पूरा हो जाएगा। पुलिस के अनुसार एहतियात के तौर पर स्टेडियम और उसके आसपास मकान, दुकान, होटल और सरकारी कार्यालयों की जांच की जा रही है।
मकान मालिक के परिवार, किराएदार के परिवार और अन्य लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी ली जा रही है। कोतवाली थाना पुलिस और खुफिया विभाग के कर्मचारी तीन दिन से तफ्तीश में जुटे हैं। संदिग्ध लोगों को अलग से सूचीबद्ध किया जा रहा है। एसपी आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि शहर में आने-जाने वाले वाहनों को चैक किया जा रहा है। होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस पर भी नजर रखी जा रही है।