|
अजमेर. पुष्कर में शुरू हुई रेल टिकट बुकिंग के बाद अजमेर के मुख्य डाकघर से भी रेल के टिकट बुक करवाए जा सकेंगे। दिल्ली डाक महानिदेशालय ने मुख्य डाकघर के लिए दिए गए प्रस्ताव पर हरी झंडी दे दी है। रेल टिकट बुकिंग के लिए डाक विभाग ने पुष्कर डाकघर को राज्य में पहले डाकघर के रूप में चुना था। अब दूसरे चरण में अजमेर मुख्य डाकघर को शामिल किया गया है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक अजमेर मुख्य डाकघर, जयपुर में जवाहरनगर डाकघर तथा उदयपुर, जोधपुर और कोटा के मुख्य डाकघर को सुविधा के लिए चुने गए हैं। यहां के बिजनेस और उपभोक्ताओं की संख्या को देखते हुए इन डाकघरों का चयन रेल टिकट बुकिंग सेवा के लिए किया गया है।
दिल्ली डाक महानिदेशालय ने इन डाकघर की स्थिति और यहां की सुविधाओं के बारे में रेलवे को अवगत करवा दिया है। अब रेलवे इन डाकघर के लिए यूजर आईडी कार्ड और इक्विपमेंट की व्यवस्था करेगा। इसके बाद इन डाकघर में रेल टिकट बुकिंग की शुरुआत कर दी जाएगी।
पांच डाकघर में रेल टिकट बुकिंग की शुरुआत और होगी। दिल्ली डाक महानिदेशालय ने इन डाकघर में सुविधा शुरू करने के लिए इजाजत दे दी है। अब रेलवे को इक्विपमेंट उपलब्ध करवाने है।-एस. गौरियार, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल
सहूलियत
डाकमहानिदेशालय ने दी प्रस्ताव को हरी झंडी। राज्य के प्रमुख 5 डाकघर में शामिल हुआ अजमेर का एचपीओ।
ऑन लाइन होंगे 84 उप-डाकघर
राजस्थान दक्षिणी क्षेत्र के 84 उप डाकघरों का कम्प्यूटराइजेशन किया जाएगा। इसके लिए पोस्टमास्टरों को ट्रेनिंग दी गई है। इन डाकघरों में 31 से कम्प्यूटर पर काम शुरू होगा। राजस्थान दक्षिणी क्षेत्र के डाक निदेशक एसआर मीणा ने बताया कि उप-डाकघरों को कम्प्यूटरीकृत करने के लिए तीन चरणों में 84 पोस्टमास्टरों को ट्रेनिंग दी गई है। अब इन पोस्टऑफिस में 31 से कार्य कम्प्यूटर से किए जाएंगे। इन उप-डाकघरों में अजमेर, कोटा, बांसवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़ सहित कई जिले शामिल हैं। इसके लिए पोस्टमास्टरों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
अब स्केन होंगे दस्तखत
अब तक बचत खाते वाले उपभोक्ताओं के हस्ताक्षर कम्प्यूटर में स्केन नहीं होते थे। इससे उनके साइन का मिलान करने के लिए कर्मचारियों को कागज खंगालने पड़ते थे। अब सभी खाताधारकों के हस्ताक्षर कम्प्यूटर से स्केन किए जाएंगे।