Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

धमकाने के लिए खरीदी रिवॉल्वर

अजमेर. दोस्तों के खिलाफ लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले युवक को क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। वह खुद को एमफिल का छात्र बताता है। अब तक की पूछताछ में उसने रिवॉल्वर मुहैया कराने वाले का नाम उगल दिया है। जांच अधिकारी एसआइ अजीतसिंह ने बताया कि आरोपी सुनील यादव झुझनूं के झाझ गांव का मूल निवासी है और दस साल से अजमेर में रह रहा है।

झुझनूं पुलिस से उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी मांगी गई है। तफ्तीश में सामने आया है कि यादव जयपुर रोड पर डॉ. मनोजकुमार यादव के मकान में किराएदार था। पूछताछ में उसने बताया कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी ऋतुराज ने उसे सालभर पहले विदेशी रिवॉल्वर मुहैया कराया था। पुलिस के अनुसार सुनील का कहना है कि वह रिवॉल्वर दिखा कर लोगों को धमकाता था। कमरे से बरामद फर्जी मोहर से वह कॉलेज और यूनिवर्सिटी के छात्रों के दस्तावेजों की फोटो कॉपी अटेस्टेड करता था।

साहिल का खाता, सुनील की फोटो

यूको बैंक में साहिल मेहता के नाम से सुनील यादव के फर्जी अकाउंट के बारे में पुलिस ने बैंक अधिकारियों से जानकारी मांगी है। एसआइ अजीतसिंह ने बताया कि साहिल मेहता के नाम से खुलवाए गए खाते के दस्तावेज पर फोटो और दस्तखत सुनील यादव के हैं। मंगलवार को बैंक में तफ्तीश की जाएगी।

चार की जमानत मंजूर

पुलिस तफ्तीश में सुनील यादव के झूठ की पोल खुलने के बाद मारपीट के मामले में गिरफ्तार चंद्रप्रकाश, चेतन, सुरेश सेनी और राजू को अदालत ने सोमवार को जमानत पर रिहा कर दिया। क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी राजेन्द्र त्यागी ने बताया कि यादव ने चारों पर मारपीट और एक लाख रुपए छीनने का आरोप लगाया था। जांच में मारपीट की पुष्टि हुई, लेकिन नोटों से भरा बैग ले जाने की बात झूठी निकली।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: