|
भोपाल.
जबलपुर संभाग को छोड़कर सोमवार को पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में रहा। सोमवार को दिनभर तेज रफ्तार से चली सर्द हवाएं लोगों को ठिठुरन का अहसास कराती रहीं। प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड बुंदेलंखड और चंबल इलाके में पड़ रही है। कड़ाके की ठंड का असर सामान्य जनजीवन पर भी दिखाई दिया।
सर्द हवा से बचने के लिए दिन में लोग गर्म कपड़ों के लबादे ओढ़े और धूप सेंकते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा का रुख पूरी तरह से उत्तरी हो जाने के कारण तापमान में कमी आई है।
प्रदेश में रविवार के मुकाबले सोमवार को दिन और रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री तक नीचे चला गया। रविवार की रात सबसे कम तापमान छतरपुर जिले के नौगांव में 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
छतरपुर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री, टीकमगढ़ में 3.7 डिग्री और ग्वालियर में 4 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में न्यूनतम तापमान सात डिग्री रिकार्ड किया गया। यह इस मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात थी। यहां इससे पहले इससे कम तापमान 19 दिसंबर को 7.9 डिग्री रिकार्ड किया गया था।
शीतलहर जारी रहेगी
मौसम केंद्र निदेशक डॉ. डीपी दुबे का कहना है कि हवा का रुख पूरी तरह से उत्तरी हो गया है, जिससे ठंड बढ़ गई है। आने वाले 48 घंटों में प्रदेश के बड़े हिस्से में शीतलहर का दौर जारी रहेगा।