|
कोटा. विधायक प्रहलाद गुंजल के बारे में कोई सूचना नहीं देने और खुद की उपस्थिति भी गोपनीय रखने के आरोप में पुलिस अधीक्षक विशाल बंसल ने विधायक के गनमैन को निलंबित कर दिया है।
गुंजल की सुरक्षा के लिए पुलिसलाइन से एक गनमैन कांस्टेबल रत्तीराम को लगाया गया था। आरक्षण को लेकर 21 जनवरी को गुर्जर समाज ने महापड़ाव की घोषणा की थी। इसके चलते पुलिस ने गुर्जर नेताओं की धरपकड़ शुरू की।
इस दौरान गुंजल भूमिगत हो गए। उनकी तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। गनमैन न तो पुलिसलाइन में लौटकर आया और न ही उसने पुलिस प्रशासन अथवा अपने अधिकारियों से कोई सम्पर्क किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उससे सम्पर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल भाई के पास था। कारण कि उसने अपना मोबाइल भाई को देकर नया मोबाइल ले लिया और उसका नंबर किसी को भी नहीं बताया। उसे निलंबित करते हुए आरोप लगाया गया है कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के बावजूद उसने विभाग की बजाए गुंजल का साथ दिया।
पहले भी गिरी गनमैन पर गाज
गुर्जर आंदोलन के दौरान गनमैन पर कई बार गाज गिरी। मई में आंदोलन के दौरान उनके दोनों गनमैन को पुलिस ने हटा दिया था। बाद में एक गनमैन लौटा दिया गया था।