|
बीकानेर. शिक्षा विभाग में आउट ऑफ स्टेट की 5611 डिग्रियों की जांच का काम शुरू कर दिया गया है। उपनिदेशक कार्यालयों से अधिकारी और कर्मचारियों का दल गठित कर अलग-अलग राज्यों में भेजा गया है।
बीएड डिग्रीधारी 17474 अभ्यर्थियों को उच्च प्राथमिक शालाओं में नियुक्तियां देने का काम रिक्त पदों के अभाव में थम गया है। प्रारंभिक शिक्षा आयुक्तालय शेष रहे अभ्यर्थियों के लिए रिक्त पदों की व्यवस्था में जुटा हुआ है।
प्रारंभिक शिक्षा आयुक्तालय में राज्यभर से पहुंची सूचना के अनुसार रिक्त पदों के अभाव में 398 अभ्यर्थियों को नियुक्तियां नहीं दी जा सकी हैं। इन अभ्यर्थियों को नौकरी अगले सप्ताह तक मिलने की संभावना है। प्रदेश में अब तक 11500 अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
दस्तावेजों की जांच के बाद 5611 अभ्यर्थियों की डिग्रियां आउट ऑफ स्टेट की मिली हैं, जिनके सत्यापन का काम शुरू कर दिया गया है। उपनिदेशकों से जांच दल संबंधित राज्यों में गए हैं, जहां वे विश्वविद्यालय पहुंचकर डिग्री की सत्यता की जांच करेंगे।