|
श्रीगंगानगर. श्रीगंगानगर के फर्जी आर्म्स लाइसेंस प्रकरण के एक मामले में वांछित हैदर अली को पुलिस ने सोमवार शाम हिरासत में ले लिया। वह करीब छह माह से फरार था। सोमवार रात पुलिस टीम हैदर को लेकर जयपुर रवाना हो गई, जहां मंगलवार को सीआईडी (सीबी) की एसओजी उससे पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि ‘भास्कर’ ने नवंबर में हैदर के शहर में ही मौजूद होने का सचित्र समाचार प्रकाशित किया था, जबकि एसओजी के अधिकारी उसे पुलिस रिकार्ड में फरार बता रहे थे। एसपी आलोक वशिष्ठ ने बताया कि कोतवाल नरेंद्र शर्मा ने सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हैदर को गवर्नमेंट कॉलेज के पास से हिरासत में लिया। सोमवार रात आठ बजे एएसआई करणीसिंह, एक हैडकांस्टेबल व चार कांस्टेबलों की टीम हैदर को लेकर ट्रेन द्वारा जयपुर रवाना हो गई।
ऐसे आया काबू में : हैदर अली को काबू करने के लिए पुलिस सोमवार सुबह से उसकी तलाश में थी। सोमवार दोपहर करीब एक बजे सबसे पहले हैदर को एक निजी कार्यक्रम में वीआईपी गाड़ी ड्राइव करते हुए देखा गया, जिसके बाद वह एक अन्य कार्यक्रम में शरीक हुआ। दोपहर बाद साढ़े तीन बजे हैदर के सर्किट हाउस में मौजूद होने की सूचना पुलिस को मिली, जिस पर शाम करीब साढ़े पांच बजे गवर्नमेंट कॉलेज के नजदीक उसे काबू कर लिया गया।
क्या है मामला : एफ ब्लॉक निवासी एवं गोलबाजार स्थित पटाखा शॉप के संचालक हैदर अली के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने 5 जुलाई,07 को एडीएम परमेश्वरलाल की रिपोर्ट पर मामला (एफआइआर नंबर 252/07) दर्ज किया था। हैदर पर जयपुर के पांच बिल्डर्स को फर्जी राशन कार्ड के आधार पर वर्ष 2006 में आर्म्स लाइसेंस दिलवाने का आरोप है।
इनमें से तीन राशनकार्डो के दस्तावेज एक जनप्रतिनिधि ने वैरीफाई किए थे। एसओजी ने 2 अगस्त,07 को बिल्डर्स को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हैदर अली के नाम का खुलासा किया। इसके बाद से हैदर अली एसओजी को वांछित है।