कोलकाता. उत्तरप्रदेश पुलिस की सितम की मार झेलनेवाले आफताब आलम अंसारी के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुध्ददेव भट्टाचार्य ने मुआवजे की घोषणा की है। गौरतलब है कि पिछले दिनों उत्तरप्रदेश की एसटीएफ पुलिस ने आफताब को आतंकवादी संगठन हुजी का सदस्य बताते हुए गिरफ्तार कर लिया था। हालंकि एसटीएफ ने आफताब को पुछताछ के बाद रिहा कर दिया था।
अपनी गिरफ्तारी के मसले को लेकर आफताब ने मुख्यमंत्री से भेंट की। बिजली कंपनी में ठेके पर कार्यरत आफताब ने मुख्यमंत्री को बताया कि उत्तरप्रदेश पुलिस ने पुछताछ के दौरान उसके साथ काफी ज्यादती की है। बुध्ददेव ने बताया कि मैंने उसे सांत्वना दी है और साथ ही मुआवजा देने का भी फैसला किया है। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए आफताब अपनी मां आयेशा बेगम, चाचा इरशाद अली, पड़ोसी राजा चक्रवर्ती और शिक्षक मोहम्मद सलीम के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचा था।
इन सभी लोगों ने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद आफताब ने पत्रकारों को बताया कि इस मामले की जांच राज्य सीआईडी से कराई जाय। इसके अलावा उसने पुलिसवालों पर आरोप लगाते हुए बताया कि स्थानीय पुलिस ने उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया। बकौल आफताब पुलिस ने मोबाइल फोन, पैसे और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुओं को छीन लिया। आफताब ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मुझे मुआवजा देने और ममले की उच्चस्तरीय जांच कराने का भरोसा दिया है।
साथ ही आफताब ने बताया कि मुख्यमंत्री उसकी मां की बीमारी के लिए आनेवाले खर्च को भी वहन करने का भरोसा दिया है। उत्तरप्रदेश एसटीएफ पुलिस ने आफताब को 29 दिसंबर को गिरफतार किया था। पुलिस ने आफताब को वाराणसी, फैजाबाद और लखनऊ के सत्र न्यायालयों में हुए बम विस्फोटों में संलिप्त आतंकवादी संगठन हुजी का मास्टरमाइंड बताकर गिरफतार किया था। 14 जनवरी को उसे निर्दोष घोषित किया गया।