भोपाल. भेल सांस्कृतिक व एकता समिति(भेकनिस) के तत्वावधान में मंगलवार को कल्चरल हॉल में प्रसिद्ध शहनाई वादक बिसमिल्ला खान के उत्तराधिकारी अली अब्बास खान का शहनाई वादन हुआ। इसकी खासियत यह रही कि अब्बास अली खान का साथ दे रहे थे इटली से आए फ्रांसिस्को व डेनमार्क से आए आयमिल। शहनाई वादन के साथ ही पांच दिवसीय गणतंत्र दिवस समारोह शुरू हो गया।
अब्बास अली खान के साथ विदेशी कलाकारों की जुगलबंदी देखने लायक थी। इसमें बनारस घराने के शास्त्रीय संगीत के साथ-साथ देशभक्ति से ओतप्रोत संगीत भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि आरके सिंह ने दीप प्रज्जावलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर 'भेकनिस' के अध्यक्ष महाप्रबंधक विजय जोशी व सचिव बुनियाद अली के साथ सभी महाप्रबंधक व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
विदेशी कलाकारों की जुगलबंदी को सुनने के लिए कल्चरल हॉल में काफी भीड़ थी। 'भेकनिस' के अध्यक्ष श्री जोशी ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार शहनाई वादन और बुधवार को होने वाले कव्वाली के कार्यक्रम को शामिल किया गया है। लोगों की पसंद को देखते हुए शहनाई वादन में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को आमंत्रित किया गया। कड़ाके की सर्दी के बाद भी लोग देर रात तक शहनाई की गूंज में डूबे रहे।