जयपुर. राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में 29 से 31 जनवरी तक 38वीं ऑल इंडिया पुलिस साइंस कांग्रेस का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के सभी राज्यों व केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विधि वैज्ञानिक भाग लेंगे। पुलिस महानिदेशक एएस गिल ने महकमे के आला अधिकारियों के नेतृत्व में समितियों का गठन कर साइंस कांग्रेस की तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
इसी सिलसिले में सोमवार आरपीए में एडीजी ओमेंद्र भारद्वाज, एमके देवराजन, एके जैन, नवदीप सिंह, आईजी आलोक त्रिपाठी, डॉ.भूपेंद्र सिंह यादव, पंकज कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों ने बैठक की। एडीजी एके जैन ने बताया कि साइंस कांग्रेस के दौरान आगामी दशक (2020) में विकसित राष्ट्रों की पुलिस के मुकाबले भारत में अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई तकनीक व नवाचारों के बारे में विचार किया जाएगा। साइंस कांग्रेस का गठन 1958 में किया गया था। वर्ष 1960 से हर साल यह अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होती है।
तीन दिवसीय प्रदर्शनी
आमजन व पुलिस के लिए सुरक्षा उपकरण एवं संबद्ध उत्पादों से संबंधित तीन दिवसीय सुरक्षा प्रदर्शनी 29 से 31 जनवरी तक बिड़ला ऑडिटोरियम में लगेगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय कंपनियां नवीनतम तकनीक व आविष्कारों का प्रदर्शन करेंगी।