bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

जयपुर में सूरज सिरे से नदारद

जयपुर. उत्तरी पर्वतीय क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बाद पिछले तीन दिन से पूरा प्रदेश भयंकर शीतलहर की चपेट में आ गया है वहीं मंगलवार को राजधानी जयपुर में सूरज पूरे दिन दिखा ही नहीं। सर्द हवाओं ने शहर को सिमटा-सिमटा सा रहने पर मजबूर कर दिया। घर-दफ्तर हों या सार्वजनिक स्थान, हर कहीं सर्द हवाओं का असर साफ दिखाई दे रहा था। गरम कपड़ों में लिपटे लोग सर्दी की ही चर्चा करते नजर आए।

सर्दी ने उन नन्हे-मुन्नों को काफी परेशान किया, जिन्हें ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ा। बहुत से तो स्कूल जाने को तैयार ही नहीं थे। जयपुर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ा, लेकिन मंगलवार का दिन कहर बरपाने वाला रहा। दिन के तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड की गई। दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन तेज सर्दी से लोग दिनभर ठिठुरते रहे।

उधर, जोधपुर, अलवर व झुंझुनूं जिले में सर्दी से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। शेखावाटी में पारा जमाव बिंदु से नीचे चले जाने से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और पाला पड़ने से फसलें खराब हो गईं। चूरू में पारा कुछ बढ़कर भी शून्य पर ही आ पाया। वहीं पिलानी में -0.6 डिग्री रहा। जोधपुर,जैसलमेर, बीकानेर, कोटा, अजमेर, उदयपुर में क्षेत्र में भी तेज सर्दी का दौर चल रहा है। इन इलाकों के अधिकतम तापमान में कमी हुई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: