भोपाल.
प्रदेश के बड़े हिस्से में मंगलवार को भी शीतलहर का दौर जारी रहा। बर्फीली हवा दिन भर लोगों को कंपकंपाती रही। प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। यहां के नौगांव कस्बे में रात का पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री दर्ज किया गया था। खजुराहो में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री रहा। आलम यह है कि प्रदेश में अनेक स्थानों पर रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। ठंड के असर से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। शाम ढलने के साथ ही यहां जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार को तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
उधर, राजधानी में भी सर्द हवा चलने के कारण दिन का तापमान और नीचे चला गया। अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। एक दिन पहले यहां दिन का तापमान 20.5 डिग्री दर्ज हुआ था। यहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। बुंदेलखंड और चंबल के बाद मंगलवार को मालवा और बघेलखंड का कुछ हिस्सा शीतलहर की चपेट में आ गया।
मौसम केंद्र निदेशक डा. डीपी दुबे का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा की रफ्तार कुछ कम होनी शुरू हो गई है, इसलिए बुधवार को कुछ स्थानों पर दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने के आसार हैं। जबकि बुदेलखंड, चंबल और बघेलखंड के कुछ हिस्से में शीतलहर का दौर जारी रहेगा।