अजमेर. सेंसेक्स के लुढ़कने से शहर के शेयर कारोबारियों को 50 करोड़ से भी ज्यादा की चपत लगी। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान वायदा कारोबारियों को झेलना पड़ा है। दूसरे दिन हालांकि मार्केट से ज्यादातर इंट्रा-डे कारोबारी दूर रहे। लेकिन वायदा कारोबारियों को सौदा कटने से तगड़ा झटका लगा। मित्तल शेयर शॉपी के डायरेक्टर अजीत अग्रवाल के अनुसार वायदा कारोबारियों को 50 करोड़ रुपए का नुकसान झेलना पड़ा है।
पैसा नहीं पहुंच पाने की दशा में पहले से की गई खरीदारी से यह झटका उन्हें लगा है। ज्यादातर ब्रोकर्स की लिमिट खत्म हो गई और वे सौदा कटने से अपने क्लाइंट्स को नहीं बचा पाए। दूसरे दिन हड़बड़ाए मार्केट में नए इंवेस्टर्स का भी प्रवेश हुआ। शेयरखान के ब्रांच मैनेजर आशीष गोयल के अनुसार दूसरे दिन इंट्रा-डे कारोबारी कम ही रहे। हालांकि कुछ ट्रेडर्स ने रिस्क लेकर फायदा लिया लेकिन ज्यादातर दूर ही रहे।
इंवेस्टर्स और नए कारोबारियों ने स्क्रिप की बाइंग की। वहीं इंडिया बुल्स के ब्रांच मैनेजर प्रवीण कुमार सोनी के अनुसार ज्यादा मार्केट गिरना ही सौदा कटने के पीछे मुख्य वजह है। उनके अनुसार ऐसे में ब्रोकर्स की लिमिट खत्म हो गई और सौदे कट गए।