अजमेर. शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर में सड़कों और खंभों पर भाजपा के झंडे लगाने को अनुचित ठहराते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। कमेटी के अध्यक्ष जसराज जयपाल की अगुवाई में कलेक्टर को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि भाजपा जगह-जगह झंडे लगाकर गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय पर्व को भाजपा का समारोह बनाने में जुटी है। उन्होंने प्रशासन ने भाजपा के झंडे हटवाने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि झंडे नहीं हटाए गए तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
सूचना के अधिकार का प्रयोग
भाजपा का समर्थन करने के आरोप में मिले कारण बताओ नोटिस के बाद कांग्रेसी पार्षद प्रताप यादव ने शहर में लगाए जा रहे झंडे व बैनर पर सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी है। यादव ने नगर परिषद आयुक्त से सूचना मांगी है कि शहर की सड़कों, विद्युत व टेलीफोन लाइन के खंभे और चौराहों पर भाजपा के झंडे मंजूरी लेकर लगाए जा रहे हैं, खंभे और चौराहे का उपयोग करने के लिए किराया जमा कराया है क्या? किराया जमा नहीं कराया गया है तो झंडे हटाने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई?