Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
ईश्वर की सबसे बड़ी नेमत मानी जाने वाली मां ने हिंदी सिनेमा में भी अहम किरदार निभाया है। ब्लैक-एंड-व्हाइट से लेकर रंगीन सिनेमा तक इस किरदार का अंदाज काफी बदला है। अपने जमाने की मशहूर चरित्र अभिनेत्रियां लीला चिटनिस, दुर्गा खोटे, निरूपा रॉय और सुलोचना कुछ ऐसे नाम हैं, जिन्होंने सशक्त अभिनय से नायक या नायिका की मां के किरदार में जान फूंकी है। अब इस किरदार में कास्ट से लेकर कास्ट्यूम तक बड़ा फेरबदल हुआ है।
पुरानी फिल्मों में घर की जिम्मेदारियों को पूरा करती हुई मजबूर मां विविध रूपों में प्रस्तुत हुआ करती थी वहीं वर्तमान में यह जगह
नए जमाने की मशहूर अभिनेत्रियों ने ले ली है। जया बच्चन, रीमा लागू, हेमा मालिनी, लिलेट दुबे, डिंपल कपाड़िया, रति अग्निहोत्री सभी ने समय के अनुरूप इस किरदार को करने में हिचक महसूस नहीं की। फर्क इतना है कि आज की फिल्मी मां साज-श्रंगार के मामले में किसी अभिनेत्री से पीछे नहीं रहना चाहती।
कल हो न हो’ में जहां जया बच्चन ने दमदार अभिनय किया था वहीं ‘बागवान’ में हेमा मालिनी एक जिम्मेदार मां बनी हैं। फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ में रीमा लागू ने अभिनेता सलमान खान की मां का किरदार निभाया था और बेटे के साथ मां के दोस्ती भरे रूप को नया आयाम दिया था। अभिनेत्री किरण खेर को भी मां के किरदार के रूप में खूब पसंद किया जा रहा है।
‘फिल्म ‘एक दूजे में’ बतौर अभिनेत्री युवाओं के बीच लोकप्रिय होने वाली रति अग्निहोत्री अब फिल्म ‘रामा-रामा क्या है ड्रामा’ में नेहा धूपिया की मां बनी हैं। रति कहती हैं कि यह उनकी दूसरी पारी है। दूसरी ओर स्मिता जयकर ने भी फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय की मां का किरदार निभाकर खूब वाहवाही लूटी। अभिनेत्री मौसमी चटर्जी और राखी ने भी वक्त की मांग को स्वीकार कर लिया है और वे मां के किरदार में खुश हैं।