कोटा. सबसे ठंडा दिन रहने का अहसास मंगलवार को भी नजर आया। लोग सुबह से लेकर रात तक सर्दी में ठिठुराते रहे और गर्माहट पाने के प्रयास में जुटे रहे। सर्दी का आलम यह रहा कि आज तो ठंड को भी ठंड लग गई। दिनभर सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुराया। गर्म कपड़े भी नाकाफी साबित हुए। लौटी सर्दी ने मैदानी इलाकों में सर्दी का कहर बरपा दिया है। पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है।
इस बीच, दिन भर ठंडी हवाओं ने शहर के जनजीवन को ठिठुरा कर रख दिया है। इस पर सुबह 8 बजे ही बिजली गुल होना लोगों के लिए और मुसीबत बन गया है। बिजली नहीं होने से सुबह नहाने के लिए लोगों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। आज तो दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिसने सर्दी का असर और बढ़ा दिया था।
धूप नहीं निकलने से लोग घरों और दफ्तरों से बाहर भी नहीं निकले। धुंध के बीच गलन के कारण कई लोग रजाइयों में दुबके रहे। ठिठुरन भरी हवाओं का सिलसिला शाम तक चलता रहा। नयापुरा चौराहा, विज्ञान नगर, छावनी, स्टेशन क्षेत्र में दिन के समय भी लोग अलाव तापते नजर आए।