News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. पीयू कैम्पस में लड़कियों से छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए पीयू ने एक योजना तैयार की है। इसके तहत गल्र्स हॉस्टल्स की ओर जाने वाली सड़कों के किनारे फुटपाथ को रेलिंग से कवर किया जाएगा और इन सड़कों पर लाइट्स को और दुरुस्त किया जाएगा।
इस मसले पर वीसी प्रो. आर.सी. सोबती की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मीटिंग में कई निर्णय लिए गए। मीटिंग में पीयू के डीएसडब्ल्यू प्रो. नवल किशोर, डीएसडब्ल्यू फीमेल प्रो. परमजीत तिवारी, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर विजय पाल सिंह के अलावा स्टूडेंट्स काउंसिल के प्रेसिडेंट परमिंद्र सिंह जसवाल और जनरल सेक्रेटरी सन्नी भारद्वाज भी शामिल हुए। निर्णय लिया गया कि कॉरेस्पोंडेंस स्ट्डीज से गल्र्स हॉस्टल्स की ओर से जाने वाली सड़कों के दोनों ओर फुटपाथ पर रेलिंग लगाई जाएगी।
एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के सामने पीयू के बॉयज हॉस्टल नंबर-3 से पीयू गेस्ट हाउस तक नई लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि रास्ते में अंधेरा न हो। इसके अलावा प्रो. सोबती ने पीयू लाइब्रेरी से गल्र्स हॉस्टल्स के लिए शुरू हुई बसों को स्टूडेंट्स काउंसिल की डिमांड पर लाइब्रेरी के बजाय लॉ डिपार्टमेंट से चलाने का निर्णय लिया। ये बसें शाम साढ़े सात और साढ़े आठ बजे चलेंगी।
एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में जा सकेंगे स्टूडेंट्स
मीटिंग के दौरान स्टूडेंट्स काउंसिल के प्रेसिडेंट परमिंद्र जसवाल ने पीयू के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में पीयू स्टूडेंट्स को दाखिल होने की इजाजत देने की मांग की। जसवाल ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स ही अपने काम के लिए एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में नहीं जा सकते, जो गलत है।
इस पर वीसी प्रो. आर.सी. सोबती ने पीयू स्टूडेंट्स के लिए दिन में एक घंटे की अवधि एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में जाने के लिए तय कर दी। अब पीयू स्टूडेंट्स अपने आईडेंटिटी कार्ड दिखाकर दिन में तय की गई एक घंटे की अवधि के दौरान वहां जा सकेंगे।