News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. पंचकूला स्थित श्रीमाता मनसा देवी पूजा स्थल का विकास अृमतसर के स्वर्ण मंदिर और अहमदाबाद के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। मनसा देवी मंदिर परिसर में एक सरोवर भी विकसित किया जाएगा।
यह घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को यहां माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की मीटिंग में की। हुड्डा इस बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं। हुड्डा ने कहा कि मंदिर परिसर का विकास इस तरह से किया जाएगा कि यह श्रद्वालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहे।
पूजा स्थल का विकास करते समय इसकी ऐतिहासिक पहचान को बनाया जाए। लोगों की मंदिर में अपार आस्था है और देश के हर कोने से श्रद्वालु नियमित रूप से माता के दर्शनों के लिए आते रहेंगे।
देसी घी की जलेबियां मिलेंगी
भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि माता मनसा देवी के मंदिर परिसर में एक ऐसी दुकान खोली जाए जहां लोगों को देसी घी की जलेबियां और प्रसाद उपलब्ध हो। मंदिर परिसर की बैकराउंड का सौंदर्यकरण किया जाएगा। एक सुंदर उपवन यहां विकसित किया जाएगा।
नौ करोड़ का बजट अनुमोदित
बोर्ड ने पूजा स्थल के लिए वर्ष 2007-08 के लिए नौ करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया। 63 कमरों वाली धर्मशाला 31 मार्च,2009 तक पूरी हो जानी चाहिए।
हर साल दो होंगी मीटिंग
वित्त मंत्री बीरेंद्र सिंह कहा कि पूजा स्थल बोर्ड की बिजली मांग को पूरा करने के लिए परिसर में गैर परम्परागत ऊर्जा स्त्रोत प्रणाली स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि बोर्ड की हर साल दो मीटिंग होनी चाहिए। इस सुझाव को मुख्यमंत्री ने तुरंत मान लिया। बीरेंद्र ने मंदिर परिसर में एक कला संस्थान स्थापित करने का भी सुझाव दिया।
सोने के सिक्के होंगे तैयार
मीटिंग में बोर्ड के पास उपलब्ध सोने से सिक्के बनाए जाने का फैसला किया गया। इन सिक्कों पर माता मनसा देवी की प्रतिमा बनी हुई होगी। लोगों में इन सिक्कों की बड़ी मांग है। शहरी स्थानीय निकाय आयुक्त व सचिव पीके गुप्ता ने बताया कि बोर्ड के पास 10 किलो 32 ग्राम सोना और 445 किलोग्राम चांदी है।