मुंबई. भगवा पार्टी के नेता नरेंद्र मोदी की महाराष्ट्र में घुसपैठ पर प्रहार का संकेत देते हुए बुधवार को शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में उनकी पार्टी के ही तौर-तरीके चलेंगे और किसी और को राज्य मंजूर नहीं करेगा।
आज 82वां जन्मदिन मना रहे ठाकरे ने अपने निवास मातोश्री पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि महाराष्ट्र किसी और को मंजूर नहीं करेगा। राज्यों का बंटवारा भाषाई आधार पर हुआ है। मोदी के हिस्से में गुजरात है तो माया के हिस्से में उत्तर प्रदेश इसलिए उन्हें महाराष्ट्र हमारे लिए छोड़ देना चाहिए। यहां केवल हमारे ही तौर-तरीके चलेंगे।
गौरतलब है कि ठाकरे ने यह बयान मोदी और माया की मुंबई में होने वाली रैली के मद्देनजर दिया है। मोदी पिछले रविवार को शहर में एक रैली में थे जिसमें सेना शामिल नहीं हुई थी। सामना में एक इंटरव्यू में ठाकरे ने यह भी कहा कि गोधरा में हत्याएं और उसके बाद गुजरात में हुए दंगे मोदी के लिए फायदेमंद साबित हुए।
दूसरी तरफ, ठाकरे के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के महाराष्ट्र के नेता गोपीनाथ मुंडे ने कहा है कि भाजपा शिवसेना से आगे जाने की कोशिश नहीं करेगी और अगला विधानसभा व लोकसभा चुनाव सेना के साथ मिलकर लड़ेगी।
संबंधित खबरें
* 'मराठी के लिए घर नहीं तो नींव का पत्थर नहीं'