|
जयपुर. प्रदेश में पिछले चार दिन से जारी शीतलहर ने लोगों को ठिठुराकर रख दिया है। इस बीच जयपुरवासियों ने मंगलवार को इस मौसम की सबसे सर्द रात गुजारी। यहां तापमान लुढ़कते हुए 2.1 डिग्री पहुंच गया। पिछले पांच वर्र्षो में भी जनवरी माह में यहां ऐसी सर्दी नहीं पड़ी थी। ठंडी हवाएं शूल सी चुभती रहीं। दिन में निखरी धूप भी राहत नहीं दे पाई। लोग लबादे ओढ़े ठिठुरन दूर होने का इंतजार करते रहे।
राज्य के अन्य इलाकों में भी बर्फीली हवाओं से लोगों को चैन नहीं मिल रहा। चूरू में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे जबकि श्रीगंगानगर में शून्य डिग्री के आसपास बना हुआ है। उदयपुर, अजमेर, जैसलमेर सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पिछली रात तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट आई।
अगले 24 घंटों में क्या
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तरी भागों में अधिकांश स्थानों पर पाला पड़ने की चेतावनी दी है। शीतलहर का दौर बने रहने की संभावना है।
सब्जियों को नुकसान, भाव बढ़ने की आशंका
पाले से चौमूं, शाहपुरा, रामगढ़, चाकसू, फागी, आमेर व बस्सी आदि स्थानों से आने वाली हरी सब्जियों की फसल को नुकसान हुआ है। इससे जयपुर मंडी में आने वाली सब्जियों के व्यापार पर भी खासा असर पड़ सकता है। व्यापारियों का मानना है कि पाला पड़ने के कारण अगर फसल को ज्यादा नुकसान हुआ तो सब्जियां महंगी हो सकती है।
चाकसू के रामजीलाल ने बताया कि पाले के कारण दो दिनों में पंद्रह से बीस प्रतिशत फसल को नुकसान हुआ है। जिन हरी सब्जियों पर ज्यादा असर पड़ा उसमें पत्तागोभी, मूली, पालक, मैथी, हरा धनिया, हरी मिर्च, बालोड़ व फूल गोभी आदि है।पाले से हरी सब्जियां या तो गल जाएगी या दागदार हो जाएगी। सब्जी के आढ़तिया धर्मदास मोटवानी ने बताया कि पाले के कारण टमाटर में दाग पड़ने लग गया है।