|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मौसम में बुधवार को फिर मामूली बदलाव हुआ। आसमान लगभग साफ रहा। धूप निकलने से गत रोज की अपेक्षा बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान पांच डिग्री अधिक रहा। मौसम के इन बदले हालातों के चलते हाड़ कंपा देने वाली ठंड से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहने से अब रात के तापमान में गिरावट की संभावना है।
दिन चढ़ने के साथ जब बादल छंटना शुरू हो गए तो तेज धूप ने ठंड का असर कुछ कम कर दिया। दोपहर बाद बादल लगभग पूरी तरह छंट गए। धूप तो निकली किन्तु 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली उत्तर-पश्चिमी हवाओं से उसका असर अधिक नहीं हुआ।
धूप निकलने से बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम है। धूप का लोगों ने पूरा आनंद लिया लेकिन दिन ढलते ही ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.5 डिग्री कम है।
हवा में नमी की मात्रा सुबह 53 प्रतिशत रही जो शाम को घटकर 34 प्रतिशत रह गई। उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत में ऊंचे पहाड़ों पर हुई जोरदार बर्फबारी के चलते उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं के कारण मंगलवार को दिन का तापमान 15.6 डिग्री पर लुढ़क गया था। 22 जनवरी इस सीजन का सबसे ठंडा दिन था।