Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

सॉफ्टवेयर टेक्नोलोजी पार्क का शिलान्यास

ग्वालियर.g केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रोैद्योगिकी मंत्री ए राजा ने कहा कि देश की आर्थिक समृद्धि में सूचना प्रोैद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका है। निर्यात पर आधारित इस क्षेत्र ने देश के सकल घरेलू उत्पाद की दर में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

श्री राजा यहां गंगा मालनपुर में विकसित किये जा रहे साफ्टवेयर टेक्नॉलोजी पार्क का शिलान्यास कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इस मौके पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, यशोधरा राजे, वन राज्यमंत्री नारायण सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय विधायक बृजेन्द्र तिवारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी मंचासीन थे।

केंद्रीय मंत्री श्री राजा ने कहा कि देश में आईटी के क्षेत्र में जो तरक्की हुई है, उस पर हमें गर्व है। केंद्र सरकार इस दिशा में किये जा रहे प्रयासों को गति देने के लिए उत्प्रेरक का कार्य कर रही है। देश में 1.6 मिलियन लोगों को रोजगार मिल रहा है। ग्वालियर में स्थापित किये जा रहे साफ्टवेयर टेक्नॉलोजी पार्क को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां पर आईटी पार्क भी स्थापित होगा, जिससे 20 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री श्री राजा ने एसटी पार्क की स्थापना के लिए राज्य सरकार के सहयोग की सराहना के साथ ही सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा इस दिशा में किये गये प्रयासों की भी सराहना की।

विकास के लिए मतभेद न हों : शिवराज

समारोह की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकास के मुद्दे पर किसी तरह के राजनीतिक मतभेद नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के काम में राजनीतिक मतभेद आड़े आने जैसे खेल से मैं खुद यथासंभव दूर रहता हूं। गुड गवर्नेस के लिए ई गवर्नेस को जरूरी बताते हुए श्री चौहान ने कहा कि एसटी पार्क इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

श्री चौहान ने ग्वालियर में प्रस्तावित आईटी पार्क की योजना के भी जल्द ही आकार लेने और उसमें तीन कंपनियों की दिलचस्पी होने की बात भी कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे इस अंचल के साथ ही प्रदेश की आर्थिक दशा भी सुधरेगी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के विकास में कोई बाधा नहीं आने दी जायेगी। केंद्रीय मंत्री राजा की ओर मुखातिब होते हुए श्री चौहान ने कहा कि आप विकास के लिए हमारी ओर हाथ तो बढ़ाएं हम हाथ थामने को तैयार हैं।

हम ऐसे ही रहें एकजुट : सिंधिया

सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एसटी पार्क के लिए केंद्रीय मंत्री राजा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि आज मंच पर जिस तरह का दृश्य दिख रहा है, यह काफी अच्छा है। चुनाव के मैदान में हम अलग-अलग राजनीतिक दलों के लोगों की हैसियत से भले ही लड़ें पर विकास के मुद्दे पर इसी तरह एकजुट रहें, यह हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एसटीपीआई के रूप में आज यहां जो बीज रोपा गया है, वह 21 वीं सदी में प्रदेश के विकास की संभावनाओं के नये द्वार खोलेगा। श्री सिंधिया ने मुख्यमंत्री से आईटी पार्क के लिए और अधिक जमीन उपलब्ध कराने और ग्वालियर में बरसों से लंबित अस्पताल के निर्माण की दिशा में आगे कदम बढ़ाने का आग्रह भी किया।

भावुक हो गईं यशोधरा राजे

समारोह के मंच पर बोलते हुए सांसद यशोधरा राजे भावुक हो र्गइ। ग्वालियर के इतिहास और गौरव की चर्चा करते हुए उन्होंने अपनी माताश्री स्वर्गीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया और भाई स्वर्गीय माधवराव सिंधिया का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों ने अपने समय में विकास के लिए बहुत कुछ किया, मैं उन्हें आज भी याद करती हूं। इसके बाद सुश्री राजे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश को तरक्की के मामले में नम्बर एक बनाने की दिशा में प्रयासरत बताते हुए उनकी तारीफ की और एसटीपार्क को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र तोमर, वन राज्यमंत्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक बृजेन्द्र तिवारी ने भी संबोधित किया। आरंभ में एसटीपीआई की ओर से भारत भूषण ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। आभार प्रदर्शन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग मप्र शासन के सचिव अनुराग जैन ने किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: