Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosIndore Indore

पहली और तीसरी मंजिल जर्जर

इंदौर. चारों ओर जमी धूल, जाले, उखड़ा प्लास्टर, टूटी रैलिंग और जीर्ण-शीर्ण पिलर। यह नजारा था सरवटे बस स्टैंड की बिल्डिंग का जिसे देख निगम के दल ने तय किया एक सप्ताह लगातार पहली-दूसरी मंजिल की सफाई की जाए। वैसे अब तक पांच डंपर कचरा निकाला जा चुका है। उसके बाद भी दो डंपर और निकलने का अनुमान है।

बुधवार सुबह निगम स्वास्थ्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर, मुख्य स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. डी.सी. गर्ग, उपायुक्त एमपीएस अरोरा, जोनल अधिकारी किशोर सोलंकी सरवटे बस स्टैंड पहुंचे। पूरी बिल्डिंग घूमने के बाद सामने आई समस्याओं का सिलसिलेवार निराकरण करने का निर्णय लिया गया।

श्री राठौर ने बताया ऊपरी मंजिलों की स्थिति भयावह है। सफाई के लिए गैंग को तत्काल 1000 रु. का एसिड दिया है। उसके बाद ही वहां जमी काई और धूल साफ हो पाएगी। ऊपरी मंजिलों पर कई जगह प्लास्टर उखड़ा है। टेलीफोन और बिजली की सुविधा भी नहीं है।

नए सिरे से सभी व्यवस्थाएं करना होंगी। बिल्डिंग काफी पुरानी होने से नाजुक हालत में है इसलिए मेंटेनेंस निजी हाथों में देना होगा। निगमायुक्त नीरज मंडलोई को अवगत करा दिया है। जल्द ही टेंडर बुलाएंगे।

12 होटलों के चालान

निगम कर्मचारियों ने बुधवार शाम तक स्टैंड के आसपास कचरा फैलाने वाली 12 होटलों के चालान बनाए। रिंगरोड, खजराना, सुखलिया व बंगाली चौराहा क्षेत्रों में भी अवैध मांस-मछली बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अवैध दुकानें लगाने वालों के यहां जब्ती की और पांच दुकानों के चालान भी बनाए।

आज गंगवाल बस स्टैंड की बारी

गुरुवार सुबह निगम की टीम गंगवाल बस स्टैंड का निरीक्षण करेगी। समिति प्रभारी के मुताबिक सरवटे की तुलना में गंगवाल बस स्टैंड ज्यादा साफ है।

एक और सुलभ कॉम्प्लेक्स बनेगा

श्री राठौर ने बताया निगमायुक्त से चर्चा के बाद स्टैंड के दूसरी ओर भी सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया गया। अभी एक कोने में सुलभ कॉम्प्लेक्स है। दूसरा बनने पर गंदगी काफी हद तक कम हो जाएगी। नालियों और आसपास कचरा फैलाने वाली होटलों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इमारत दुरुस्त करने में वास्तुविद् अतुल सेठ की मदद ली जाएगी। वे गुरुवार को बिल्डिंग देखेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: