|
इंदौर. मालवा मिल की जमीन पर विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनने का रास्ता साफ हो गया है। नेशनल टेक्सटाईल कापरेरेशन (एनटीसी) ने मालवा मिल की 25 एकड़ जमीन सेंटर के लिए देने का पत्र कलेक्टर विवेक अग्रवाल को सौंप दिया है। इसका विकास इंदौर विकास प्राधिकरण करेगा। बाकी सेटअप और डिजाइन का फैसला जिला प्रशासन लेगा। गौरतलब है कि भास्कर ने ही सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया था।
एनटीसी को स्वदेशी, कल्याण और मालवा मिल के लिए लीज पर दी गई जमीन की बाले-बाले बिक्री का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने रेवेन्यू कोर्ट में प्रकरण दर्ज कर सुनवाई शुरू की थी। इसके पहले राज्य सरकार ने एनटीसी को इन बंद मिलों की जमीनों की बिक्री की अनुमति जिन शर्तो के साथ दी थी उनमें कनवेंशन सेंटर शामिल था। बाद में एनटीसी ने इसके लिए जमीन देने के इंकार कर दिया था।
बुधवार को कोर्ट में सुनवाई के दौरान एनटीसी के प्रतिनिधि ने 25 एकड़ जमीन कन्वेशन सेंटर के लिए देने का पत्र सौंपा। इससेपहले कलेक्टर ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसीपी) से एनटीसी की तीनों मिलों में से एक की जमीन सेंटर के लिए चुनने को कहा था। टीएनसीपी ने जमीन की उपलब्धता व यातायात की दृष्टि से मालवा मिल की जमीन को उपयुक्त बताया था।
सितंबर 2006 में मास्टर प्लान 2021 के लिए बुलाए गए दावे आपत्तियों के दौरान सांसद सुमित्रा महाजन ने ऐसे सेंटर की आवश्यकता बताई थी। इसके पहले जब कैबिनेट की उपसमिति ने एनटीसी को जमीन बेचने की अनुमति देने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया था तब लोकनिर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कन्वेंशन सेंटर की शर्त जुड़वाई थी।