|
इंदौर. स्कीम-54 निवासी चौकीदार की बेटी निशा की चार दिन पहले हुई हत्या में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले बाबा को गिरफ्तार किया है। उसने जबर्दस्ती के बाद गला घोंटकर मार डाला था। 20 जनवरी को उषानगर एक्सटेंशन महालक्ष्मी मंदिर के पास पुलिस ने निशा उर्फ काली (9) की लाश बरामद की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जबर्दस्ती और गला घोंटने की पुष्टि हुई थी। एडीशनल एसपी मनोजसिंह ने सीएसपी गिरीश सूबेदार, टीआई एस.पी. दुबे और एसआई संतोष पांडे की टीम को जांच सौंपी थी। उसे पता लगा था वारदात की रात निशा पास ही एक बरात देख रही थी, तब बैंडवालों और केटर्स के कर्मचारियों से पूछताछ की लेकिन पता नहीं चला।
घटना के बाद से गायब था
इधर, पुलिस ने निशा के पिता मनोहरसिंह व परिजन के बयान लिए। कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस जांच की दिशा निशा के घर आसपास ही केंद्रित हो गई। इस बीच पता चला पड़ोसी 55 वर्षीय शंकरलाल नंदराम घटना के बाद से गायब है। निशा के परिजन ने भी बताया शंकरलाल का कई दिनों से हमारे यहां आना-जाना है लेकिन वह ऐसा नहीं है। फिर भी पुलिस को उस पर ही शक था। घेराबंदी के चलते पुलिस ने उसे मंगलवार को पकड़ लिया।
पांच माह पहले भी की थी हरकत
पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह टालमटोल करता रहा। इस बीच निशा के चाचा ने पुलिस को बताया पांच माह पहले उसने निशा के साथ गलत हरकत की थी तब उन्होंने उसकी पिटाई की थी और उसे विजयनगर पुलिस को सौंप दिया था। तब उसके माफी मांगने तथा परिजन के मना करने पर रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी। इसके बाद पुलिस का शक पुख्ता हो गया। सख्ती बरतने पर वह टूट गया। उसने कबूला कि हत्या उसी ने की है।