|
बीकानेर. बीकानेर विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 28 फरवरी से शुरू होगी। पहले स्वंयपाठी विद्यार्थियों का नम्बर लगेगा। इसके बाद मार्च में नियमित विद्यार्थियों की परीक्षा शुरू होगी। बीकानेर विवि की वार्षिक परीक्षाओं में एक लाख 14 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें करीब 55 हजार नियमित और बाकी स्वयंपाठी हैं। परीक्षाओं के लिए बीकानेर विवि के अधीन आने वाले बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिले में 93 परीक्षा केन्द्र बनाए है।
इस बार दो नए और छह केन्द्रों को अपग्रेड किया गया है। परीक्षा केन्द्रों की समीक्षा के लिए विवि के संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न केन्द्रों का दौरा भी किया था। इसके बाद नए केन्द्रों की स्वीकृति दी गई और कुछ अपग्रेड किए गए। बीकानेर विवि के कार्यकाल में यह पहला मौका होगा जब परीक्षाएं फरवरी में शुरू होगी। कुलपति डॉ.सी.बी.गैना ने बताया कि परीक्षाएं जल्द शुरू करवाने के पीछे मकसद 30 जून से पहले सभी परिणाम घोषित करना है।
इस स्थिति में जुलाई में शुरू होने वाले कॉलेजों में सत्र के प्रारंभ से ही पढ़ाई शुरू हो सकेगी। विवि ने अगले सत्र से पूरक परीक्षाओं की व्यवस्था भी खत्म कर दी है। ऐसे में विद्यार्थियों के सामने असमंजस की स्थिति भी नहीं रहेगी। पूरक घोषित विद्यार्थी अगले सत्र की मुख्य परीक्षा के साथ ही परीक्षा दे सकेंगे। पूरक परीक्षा व्यवस्था खत्म होने के बाद एक ओर जहां विवि को आर्थिक फायदा होगा वहीं पुनमरूल्यांकन के लिए समय भी मिल जाएगा।
इस बार भी पूरक परीक्षा का परिणाम आने और वार्षिक परीक्षाओं के फार्म भरने के बाद तक कुछ विद्यार्थियों के पुनमरूल्यांकन के परिणाम घोषित नहीं हुए थे। इससे इन विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।