|
अजमेर. कर्ज लेकर गाड़ी खरीदने के बाद किश्तें नहीं जमा कराने, फिर उसी गाड़ी पर दूसरे बैंक से लोन उठा लेने के दो आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक खारीकुई दयानंद मोहल्ला निवासी किशन आर बच्चनी ने 19 मार्च ’03 को केनरा बैंक से तीन लाख 90 हजार का लोन लेकर टाटा सूमो खरीदी। कुछ महीने बाद बच्चनी ने किश्तें जमा करना बंद कर दिया।
बैंक ने दबाव डाला तो उसने बकाया किश्तें जल्द जमा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद बच्चनी के पुत्र लक्ष्मण, राजेश व अन्य ने 26 अप्रैल ’06 को बैंक से एनओसी लिए बिना आरटीओ कार्यालय के लिपिक हजारीलाल बैरवा की मिलीभगत से कागजातों में हेराफेरी कर एचडीएफसी बैंक से लोन ले लिया।
केनरा बैंक प्रबंधक ने पिछले साल 6 जनवरी को लक्ष्मण, राजेश, हजारीलाल बैरवा, सोना बच्चनी, हीरालाल दुलानी व आरटीओ ईश्वरशंकर माथुर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने बुधवार को लक्ष्मण और राजेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।