|
अजमेर. मुख्यमंत्री के आगमन के महज कुछ घंटे पहले प्रशासन ने बुधवार को माकड़वाली रोड का डामरीकरण भी शुरू कर दिया। प्रशासन ने आनन-फानन में काम को पूरा कराने के लिए गुणवत्ता को ताक पर रख दिया है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 25 को सेंट स्टीवंज स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगी। प्रशासन को इस कार्यक्रम की इत्तला पहले ही दे दी थी। इसके बावजूद प्रशासन ने मंगलवार तक सड़कका डामरीकरण कराने की सुध नहीं ली।
संभागीय आयुक्त दीपक उप्रेती ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी के अफसरों को वैशाली नगर से सेंट स्टीवंज स्कूल तक जाने वाले रोड पर डामरीकरण कराने के निर्देश दिए। महकमे ने बुधवार शाम से डामरीकरण का काम शुरू कर दिया।
फिर उधड़ ना जाएं सड़क
शहर में रात को कम तापमान पर डामरीकरण कराने से पहले भी कई सड़कें महज बारह घंटे के भीतर उधड़ गई थी। इसके बावजूद कम समय और प्रशासन की मजबूरी के चलते देर रात तक डामरीकरण का कार्य कराया गया। जाहिर सी बात है कि इसके लिए गुणवत्ता को ताक पर रख दिया गया है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आरपी तिवारी का कहना है कि बुधवार को डामरीकरण का आदेश मिला था।
पांच गौरव पथ में शामिल
माकड़वाली से लोहागल रोड वाला मार्ग पांच गौरव पथ में शामिल था। पीडब्ल्यूडी ने डामरीकरण के लिए वर्क आर्डर भी जारी कर दिया था, लेकिन समय कम होने की वजह से 26 जनवरी के बाद डामरीकरण कराने का फैसला किया गया। इस सड़क को चौड़ा भी करना था लेकिन मुख्यमंत्री की फटकार से बचने के लिए स्कूल जाने वाले रोड पर काम कराया जाएगा।