|
अजमेर. सौदा कटने से घाटा खाए शहर के 11 इंवेस्टर्स ने सेबी से यूनिकॉन की शिकायत की है। यूनिकॉन के डायरेक्टर ने बुधवार को इंवेस्टर्स से फोन पर तीन दौर की वार्ता की और मामले को सुलझाने का आश्वासन देते हुए निवेशकों से जांच के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। आश्वासन के बाद परिवादी ने थाने में बयान दर्ज नहीं कराया और पुलिस को दो दिन कार्रवाई स्थगित रखने की एप्लीकेशन दी।
बगैर सूचना के सौदा कटने से नाराज 11 निवेशकों ने पुलिस से शिकायत के बाद सेबी की ग्रिवांस सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस में पहुंचे मामले को सुलझाने के लिए यूनिकॉन के डायरेक्टर राम मोहन गुप्ता ने भी इंवेस्टर्स से बातचीत कर जांच के लिए दो दिन का वक्त मांगा और गड़बड़ियां पाए जाने पर नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया।
जांच अधिकारी एएसआइ कैलाशचंद ने बताया कि वे परिवादी रविंद्र जैन एवं अन्य का बयान लेने गए, लेकिन उन्होंने लिखित में दिया कि डायरेक्टर से जांच करवाने के साथ ही गड़बड़ी पाए जाने पर नुकसान की भरपाई का आश्वासन मिल गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि परिवादियों के बयान देने से इनकार करने और आश्वासन पर संतुष्ट होने की बात लिखित में देने पर जांच रोक दी गई। उन्होंने कहा कि इस पर भी मामला नहीं सुलझा और परिवादी बयान देते हैं तो छानबीन की जाएगी।
भरपाई का आश्वासन
11 इंवेस्टर्स ने सेबी की ग्रिवांस सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। डायरेक्टर से तीन दौर की बातचीत हुई। उन्होंने जांच करवाने और गड़बड़ी पाए जाने पर घाटा भरपाई का आश्वासन दिया है। इस पर विश्वास करते हुए पुलिस को दो दिन कार्रवाई रोकने के लिए लिखित में दिया है। दो दिनों में कुछ नहीं होता तो ग्रिवांस सेल में पक्ष रखने के साथ ही कानूनी कार्रवाई करेंगे।
-रविंद्र कुमार जैन, परिवादी
सब्र रखने को कहा
क्लाइंट्स की लिखित शिकायत को हेड ऑफिस फॉरवर्ड कर दिया है। डायरेक्टर ने जांच करवाने के लिए समय मांगा और जांच रिपोर्ट आने तक धैर्य रखने को कहा है। इस पर क्लाइंट्स संतुष्ट हो गए। इंवेस्टर्स ने आज कारोबार किया।
-ललित गौड़, ब्रांच मैनेजर