|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
बिलासपुर सहित संभाग के कुछ स्थानों पर शाम से ही बूंदाबांदी हो गई थी। सुबह से आसमान पर बादलों ने कब्जा जमाए रखा। दिन में लगभग पूरे दिन सूरज बादलों के पीछे छिपा रहा। कुछ-कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली। रात करीब 11 बजे जमकर बूंदाबांदी हुई और ठंड एकाएक बढ़ गई।
आसमान साफ नहीं होने के बावजूद लोग पूरे दिन बगैर स्वेटर-जैकेट के ही नजर आए, लेकिन शाम करीब साढ़े छह बजे से अचानक ठंडी हवा चलने लगी और इससे बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। मौसम का मजा लेने के लिए कुछ लोग बगैर गर्म कपड़ों के ही घूमते रहे।
रात करीब साढ़े आठ बजे शहर के कुछ स्थानों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके साथ ही ठंडी हवा और तेज हो गई। पेंड्रा में 0.2 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। रात में ठंड बढ़ गई। सरगुजा व कोरबा जिले के कुछ इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी हुई और वहां भी ठंडी हवाओं ने सभी कौ चौंका दिया।
पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर सिस्टम बनने के कारण प्रदेश सहित जिले के मौसम में भी परिवर्तन हुआ। बिलासपुर जिले का तापमान मंगलवार के मुकाबले करीब दो डिग्री बढ़कर 11.6 हो गया, जबकि रात के समय दो डिग्री तापमान कम हो गया। इधर अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 12.7, माना का 16.7, चांपा का 18.6, रायगढ़ का 17.4, राजनांदगांव का 16.4 व जगदलपुर का 15.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मध्यप्रदेश के पूर्वी इलाके में चक्रवात व बंगाल की खाड़ी में प्रतिचक्रवात बने होने के कारण दोनों ही ओर से प्रदेश में ठंडी हवाएं आ रही हैं, जिसके कारण हवा में नमी बढ़ गई है। इसी वजह से बूंदबांदी हो रही है। मौसम विभाग रायपुर के तकनीकी निदेशक एमएल साहू ने बताया कि बिलासपुर संभाग में आगामी चौबीस घंटों में बूंदाबांदी होगी, जबकि आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहेगा।