जोधपुर. आकाशवाणी के पीछे जाटावास में गुरुवार दोपहर गाड़ी हटाने के विवाद में कुख्यात अपराधियों ने देसी कट्टा निकाल लिया और पड़ोसी व उसके मजदूरों को पीट दिया। उन्होंने पड़ोसी की कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। पड़ोसी ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि बदमाशो ंने देसी कट्टे से फायर भी किया, मगर आस-पास के लोगों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
सिटी एसपी मालिनी अग्रवाल ने बताया कि जाटावास में योगेंद्र गौड़ और हनुमान विश्नोई के मकान पास-पास हैं। दोपहर में हनुमान के भानजे कुख्यात अपराधी श्रवण विश्नोई की बिना नंबरी बोलेरो योगेंद्र के घर के सामने खड़ी थी। योगेंद्र के घर निर्माण कार्य चल रहा था जहां मजदूर लगे हुए थे। योगेंद्र को किसी काम से बाहर जाना था इसलिए वह अपनी कार निकालने के लिए बोलेरो को हटाना चाहता था।
श्रवण ने बोलेरो नहीं हटाई तो उनमें तकरार हो गई। उसी समय हनुमान व एक अन्य युवक भी आ गया। उन्होंने योगेंद्र, उसके यहां काम करने वाले मजदूर रवि और भूराराम के साथ मारपीट कर दी और योगेंद्र की कार के कांच भी तोड़ दिए। बाद में वे बोलेरो में बैठ कर फरार हो गए।