बीकानेर. बीकानेर में हुए अतिक्रमणों के खिलाफ नगर विकास न्यास ने गुरुवार से मोर्चा खोल दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत स्वर्णजयंती और अशोक नगर इलाके से हुई। दोपहर करीब चार बजे के आसपास न्यास का अतिक्रमण हटाओ दस्ता अपने साजो-सामान के साथ स्वर्ण जंयती योजना क्षेत्र में पहुंचा। इस क्षेत्र मे ंलोगों ने अवैध रूप से चारदीवारी और कमरे बना लिए थे।
दस्ते ने सबसे पहले चारदीवारियों को ध्वस्त किया। इसके बाद उन मकानों को ढहाया जो खाली थे। यहां पर कुछ मकानों में परिवार रह रहे थे। न्यास ने इन परिवारों को पांच दिन में मकान खाली करने की चेतावनी दी है। इन लोगों क पास कोई कागजात भी नहीं थे। न्यास अध्यक्ष श्रीगोपाल अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार को अभियान शुरू कर दिया गया है।
शहर में विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमणों को सूचीबद्ध किया जा चुका है। अब इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा। अग्रवाल का कहना है कि भूमाफियाओं के कारण शहर की बनावट ही बिगड़ गई है। विकास की बात बेमानी हो रही है। भूमाफिया को किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा।
विरोध करने पर छह गिरफ्तार
न्यास के इस अभियान का विरोध करने पर व्यास कॉलोनी पुलिस ने छह जनों को शांतिभंग करने के आरेप में गिरफ्तार किया है। इनमें ओमप्रकाश जाट, पेमाराम जाट, राधाकिशन मेघवाल, ओमप्रकाश जाट, शिवरतन मेघवाल और मेहरदान चारण शामिल है। इनकों कल न्यायालय में पेश किया जाएगा।