bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

आज बैंकों में हड़ताल

बीकानेर. सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकों का विलय बंद करने, पेंशन का एक और विकल्प देने, अनुकंपा नियुक्तियां शुरू करने, नई भर्ती करने, आउटसोर्सिग बंद करने, शीघ्र वेतन समझौता लागू करने सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में बैंककर्मी शुक्रवार को हड़ताल करेंगे।

बैंककर्मियों का कहना है कि देश में बैंकिंग उद्योग पर सरकार लगातार हमला कर रही है वहीं भारतीय बैंक संघ द्वारा कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर बार-बार एमओयू करने के बाद भी नकारात्मक रुख अपनाया जा रहा है। अब कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का आह्वान किया है।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के स्थानीय संयोजक एवं एआईबीईए के केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य कॉ.वाई.के.शर्मा ने कहा कि आम नागरिक ऐसा मानते है और कहते है कि बैंक वालों की रोजाना कोई न कोई आर्थिक मांग रहती है। बैंक कर्मी उनको यह बताना चाहते है कि तनख्वाह कटवा कर हड़ताल करना, नारे लगाना, प्रदर्शन करना उनको शौक नहीं है।

हमारी मांग होती है कि गरीब किसान को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाए, मजदूर को उसका हक मिले। बेरोजगार युवा शक्ति को नियुक्तियां मिले और बैंकों में जो आम जनता का पैसा है उसका सदुपयोग हो।

इस देश की सरकार और बैंक प्रबंधन नैतिकता को ताक पर रखकर लिखित समझौते से मुकर जाते है, ऐसे हालत में हड़ताल और सड़कों पर उतर कर संघर्ष के अलावा और कोई रास्ता नहीं रह जाता। ्रदर्शनकारियों को कॉ. एस.के बिस्सा, अधिकारी संगठन के जितेन्द्र माथुर, एनसीबीई के कॉ. तिलक कोठारी, कॉ.विनय शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।

तीन दिन बंद बैंक

बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण तीन दिनों तक बैंकों में कामकाज ठप रहेगा। शुक्रवार को हड़ताल के चलते बैंकों में काम नहीं होगा जबकि शनिवार को गणतंत्र दिवस और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में आम लोगों को काफी परेशानी होगी। एटीएम पर भीड़ बढ़ेगी मगर इसमें भी एक निश्चित राशि ही भरी जा सकेगी। ऐसे में एटीएम भी जनता को राहत नहीं दे सकेंगे।

आज निकालेंगे जुलूस

आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत सुबह 11 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा स्टेशन रोड शाखा से बैंककर्मी जुलूस के रूप में रवाना होंगे। यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: