bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

राजनीतिक ड्रामेबाजी से शहर पस्त

इंदौर. आतंकवादी अफजल गुरु की फांसी व अजहर मसूद की रिहाई को लेकर गुरुवार सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा और कांग्रेस में चार घंटे नूरा कुश्ती चली। इससे एमजी रोड व जवाहर मार्ग का ट्रैफिक बंद करना पड़ा। राजबाड़ा व आसपास एक किमी क्षेत्र में बहुत सी दुकानें नहीं खुलीं और लगभग डेढ़ लाख लोग प्रभावित हुए।

मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन पर अफजल का फोटो गुपचुप चस्पा कर दिया। फिर भाषणबाजी के बाद पुलिसकर्मियों से 15-20 मिनट हुज्जत कर आंदोलन किया। उधर, मुकाबले के लिए जुटे कांग्रेसी गांधी भवन के सामने नारेबाजी करते रहे।

मोर्चा कार्यकर्ता शहर अध्यक्ष संजय शर्मा, महामंत्री विकास अवस्थी के साथ अलसुबह गांधी भवन पहुंचे और कांग्रेस की हल्ला बोल रैली के फ्लेक्स पर एक नेता के चेहरे पर अफजल का चेहरा चिपका दिया। बाद में शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्रसिंह यादव वहां आकर नारेबाजी करने लगे। तब किसी ने बताया अफजल का फोटो तो लग चुका है। फिर ताबड़तोड़ वह फ्लेक्स हटाया गया।

उधर, शहर भर से मोर्चा कार्यकर्ता ढोल-ढमाकों के साथ वाहन रैली के रूप में राजबाड़ा पहुंचे। पुलिस चौकी के सामने बने मंच पर 10 बजे से भाषणबाजी शुरू हो गई थी। इस कारण एमजी रोड के उस हिस्से का ट्रैफिक ठप हो गया। गुरुद्वारा व बैंक आने वालों की जमकर फजीहत हुई। कांग्रेसी विधायक सज्जनसिंह वर्मा, तुलसी सिलावट, अश्विन जोशी, कृपाशंकर शुक्ल, शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन, भल्लू यादव, राजेश चौकसे, नरेंद्र सलूजा, मंजूर बेग, टंटू शर्मा सहित कई कार्यकर्ता गांधी भवन के बाहर नारेबाजी कर रहे थे।

11 बजे तक राजबाड़ा पर भीड़ बढ़ी तो भाजयुमो कार्यकर्ताओं की टोलियां जवाहर मार्ग की ओर बढ़ने लगीं। तब नृसिंह बाजार और नंदलालपुरा चौराहा से ट्रैफिक डायवर्ट कर बीच का हिस्सा खाली कर दिया।

उधर, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विश्वास सारंग मंच पर पहुंचे और भाषणों का दूसरा दौर शुरू हुआ जो 12.30 बजे तक चला। श्री सारंग, व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा, नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, महामंत्री उमेश शर्मा ने अफजल को फांसी नहीं देने पर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

श्री शर्मा ने कहा मोर्चा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय में आठ फोटो लगा आए हैं। अब पुलिस हमें जहां रोकेगी, रूक जाएंगे। इसी बीच मोर्चा पदाधिकारियों ने गिरफ्तारी देने की बात कही और एडीएम रमेश भंडारी ने घोषणा कर दी 10 हजार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रिहा किया गया और आंदोलन खत्म हो गया।

अब कांग्रेस देगी जवाब

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी अभय दुबे ने बताया अब हम भाजपा का देशद्रोही चरित्र उजागर करने के लिए गांधीवादी तरीके से रचनात्मक कार्यक्रम करेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: