News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. ठिठुरन से बुधवार को मिली राहत गुरुवार को फिर नदारद हो गई। दोपहर बाद तक बादलों का डेरा रहा, साथ ही उत्तर-पश्चिमी शीतलहर से ठिठुरन बढ़ गई। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बुधवार की अपेक्षा मामूली गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है।
गुरुवार को सुबह आसमान साफ और हवा थमी रहने से सूखी ठंड थी। ठंडे पानी से हाथ लगाना मुश्किल हो रहा था। हाथ-पांव, नाक-कान सुन्न थे। उम्मीद तेज धूप निकलने की थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सूर्य निकलते ही पतली परत के बादलों की टुकड़ियां घुमड़ने लगीं। कुछ देर बाद सूर्य के सामने बादल आने से धूप नदारद हो गई।
गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। हवा में नमी की मात्रा सुबह 68 व शाम को 45 प्रतिशत रही।
उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत में ऊंचे पहाड़ों पर हुई जोरदार बर्फबारी के चलते ठंड ने जोरदार वापसी की है। इस सीजन में 22 जनवरी सबसे ठंडा दिन रहा था जब पारा 15.6 डिग्री पर आ गया था।