News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. पिछले 2-3 दिनों की तरह गुरुवार को भी दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे। प्रदेश के सभी संभागों में दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे दिन में भी लोगों को ठंड का न केवल अहसास हुआ, बल्कि इससे बचने उन्हें गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। आमतौर पर शाम से रात तक काम आने वाले स्वेटर, जैकेट व शाल सुबह से ही उपयोगी हो गए।
न्यूनतम तापमान में हालांकि मामूली गिरावट दर्ज की गई, पर ठंडी हवाओं के कारण ठंड ने लोगों को अपने तेवर दिखाए। बिलासपुर संभाग में कल के मुकाबले आज एक से डेढ़ डिग्री तापमान कम हुआ। पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 10.7, अंबिकापुर का 9.9, रायगढ़ व चांपा का 14.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। माना का न्यूनतम तापमान 17, जगदलपुर का 16.8 व राजनांदगांव का 14.4 डिग्री था। उधर अंबिकापुर में बुधवार की रात 8.3, तो पेंड्रारोड में 1.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। जशपुर में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से बढ़कर 6.2 डिग्री हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक द्रोणिका बनी हुई है, जिससे आसमान पर बादल छाए हैं व बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में पिछले 3-4 दिनों से बना चक्रवात कमजोर पड़ गया है, उसकी जगह द्रोणिका ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग रायपुर के तकनीकी निदेशक ने आगामी 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में हल्की बारिश होने की संभावना जताते हुए कहा है कि इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहेंगे।
जशपुर में छूट रही कंपकंपी
सोमवार से छाए बादलों के बाद बुधवार की रात हुई बारिश व तेज हवाओं से अंचल में कंपकंपी बढ़ी। जिससे लोग फिर गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर हुए। हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड से बचने लोग दिन में भी अलाव का सहारा लेते नजर आए। बादलों के कारण छाए कोहरे ने परेशानी और बढ़ा दी। मौसम विभाग-जशपुर के प्रेक्षक आरके पाठक का कहना है कि बादल छंटने के बाद ठंड और बढ़ेगी। बुधवार की रात हुई तेज बारिश के बाद पत्थलगांव के खरीदी केंद्रों में रखा धान भीग गया, इसके खराब होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि यह बारिश रबी फसल के लिए अमृत समान है। इस समय जुताई हो जाए, तो खेतों की उर्वरता बढ़ जाती है। समीपवर्ती जिलों में बुधवार को हुई बारिश का असर रायगढ़ जिले में नजर आया। हालांकि जिले में बारिश नहीं हुई, लेकिन आसमान पर बादल छाए रहने से तापमान में आई गिरावट ने लोगों की दिनचर्या पर असर डाला। जांजगीर क्षेत्र में चौबीस घंटों में ही पारा 4 डिग्री लुढ़कने से लोग ठिठुर उठे। बुधवार की शाम से ठंडी हवाएं चलने लगीं, रात में हल्की बारिश भी हुई। सर्द हवाएं चलने से लोग घरों में दुबके रहे। जांजगीर, अकलतरा, सक्ती व बलौदा में रात को एक घंटे बारिश हुई। वहीं चांपा, बाराद्वार, शिवरीनारायण व पामगढ़ सहित जिलेभर में बादल छाए रहे।
परशान रहे वाहन चालक
चांपा में चहुंओर धुंध छाई रही। मौसम ने वाहन चालकों को भी परेशान किया, धुंध में सड़क स्पष्ट दिखाई न देने से सुबह-शाम वाहन चालक लाइट जलाकर आते-जाते नजर आए।
मैनपाट में गिरे ओले
अंबिकापुर. मैनपाट में बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे बढ़ी ठंड से कंपकंपाए लोग अलाव का सहारा लेने मजबूर हैं। जिला मुख्यालय के अलावा जिले के अधिकांश इलाकों में बुधवार की शाम व रात को बारिश हुई। मैनपाट में करीब 20 मिनट तक गिर ओलों के बाद पठारी इलाके में शीतलहर और तेज हो गई। बतौली, कुसमी व सामरी क्षेत्र में भी बारिश हुई। आज दिनभर बादल छाए रहने व सर्द हवाएं चलने से दिन व रात का तापमान लगभग एक जैसा रहा। सूर्य के दर्शन नहीं होने से यह ठंडा इलाका और ठिठुर गया।