रेवाड़ी नेशनल हाईवे नं. 8 पर गुरुवार को ओढ़ी के निकट एक रसायन से भरे टैंकर में आग लग गई। आग लगने से नेशनल हाईवे लगभग 4 घंटे जाम रहा। टैंकर में लगी आग पर दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे में काबू पाया।
रासायनिक पदार्थ लेकर जयपुर से दिल्ली के लिए चला यह टैंकर दोपहर करीब 12 बजे जब ओढ़ी के निकट पहुंचा उसमें रखे रसायन के दो टैंकों में अचानक आग लग गई।
आग लगते ही चालक व क्लीनर दोनों गाड़ी छोड़कर भाग गए।आग लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बावल पुलिस ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर रेवाड़ी व बावल से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने से टैंकर पूरी तरह जल गया।
रेवाड़ी से डीएसपी जगदीशचंद्र व अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नेशनल हाइवे प्राधिकरण व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क के एक हिस्से का यातायात बंद करा दिया था।
एकतरफा यातायात होने के कारण करीब चार घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। जब केमिकल में लगी आग बुझ गई तो पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई टैंकर को सड़क के एक ओर रखवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।
टैंकर में आग पेट्रोल पंप के नजदीक लगी थी जिससे पेट्रोल पंप कर्मियों में भी हड़कंप मच गया। रेवाड़ी के डीएसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।