bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

धमाकों से उड़ी नक्सली वर्दियां

महासमुंद. r ग्राम बिरबिरा से लगे जंगल में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात हुए दो जोरदार धमाकों और वहां मिली नक्सलियों की तीन सौ से ज्यादा वर्दियों के टुकड़ों से इलाके में दहशत है। पुलिस अधीक्षक डा. आनंद छाबड़ा का कहना है कि हरे रंग की वर्दियां नक्सलियों की हो सकती है। अनुमान है कि छापे के डर से इन वर्दियों को विस्फोटकों से नष्ट करने की कोशिश की गई।

घटनास्थल महासमुंद से करीब 17 किमी दूर है। बीती रात 2-3 बजे के बीच जंगल में एक के बाद एक दो जबर्दस्त विस्फोट हुए। बिरबिरा गांव के लोगों को रात में धमाकों का कारण पता नहीं चल पाया। गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने देखा कि जंगल में हाइवे से सटे कच्चे मार्ग के किनारे कपड़ों के ढेर सारे चिथड़े बिखरे हुए हैं। खबर मिलते ही गांव के बाकी लोग भी वहां पहुंच गए। उपसरपंच थानसिंह पाइक ने करीब 11 बजे तुमगांव थाने में घटना की सूचना दी। थाने के प्रधान आरक्षक बालेश्वर साहू और आरक्षक विशाली ध्रुव ने घटनास्थल का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए।

कुछ ही देर में जिले भर के आला अफसर घटनास्थल पहुंच गए। एसपी डा. छाबड़ा ने बताया कि सड़क के किनारे विस्फोट के निशान हैं। विस्फोटकों के इस्तेमाल से वर्दियों के चिथड़े आसपास के पेड़ों समेत करीब 100 मीटर के इलाके में बिखर गए। विस्फोट के बाद कुछ वर्दियों को जलाने की कोशिश भी हुई।

इतनी सारी वर्दियां कहां से पहुंची, कौन लेकर आया ऐसे बहुत से सवालों का जवाब पुलिस के पास फिलहाल नहीं है। गहरे हरे रंग की वर्दियां वैसी ही हैं, जैसी नक्सली काडर अक्सर इस्तेमाल करते हैं। रायपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

श्री छाबड़ा ने बताया कि फोरेंसिक जांच के नतीजों से साफ होगा कि यहां किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से वर्दियों के टुकड़े जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि घटना का संबंध रायपुर और भिलाई में दो दिन पहले सामने आए नक्सलियों के नेटवर्क से हो सकता है। घटना के बाद पूरे जिले में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: