ब्यावर. जिले में जसवंतपुरा में अनैतिकता के आरोपी शिक्षकों पर पब्लिक का जुर्माना व सरकार की ओर से निलंबन का मामला शांत भी नहीं हो पाया था कि यहां हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में बालिकाओं से अश्लील वार्तालाप करने वाले शिक्षक की लगभग एक दर्जन महिलाओं ने जूते-चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी। बीच-बचाव करने आए कार्यवाहक प्रधानाध्यापक भी आक्रोशित महिलाओं के गुस्से का शिकारहो गए।
गणोशपुरा रोड स्थित बाड़िया क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि स्कूल का शिक्षक ओमप्रकाश खटनाल अध्यापन की आड़ में बालिकाओं के साथ अश्लील वार्तालाप करता है। इससे गुस्साई श्रीमती नारायणी देवी, कांतादेवी, मीरादेवी, निर्मला, भंवरीदेवी, कंचन व सुखीदेवी सहित विद्यालय में अध्ययनरत कई बालिकाओं की माताएं गुरुवार सुबह करीब 9 बजे स्कूल पहुंची।
वहां महिलाओं ने शिक्षक ओमप्रकाश खटनाल को घेर लिया तथा जूते-चप्पलों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए कार्यवाहक प्रधानाध्यापक भगवान सिंह चौहान भी महिलाओं के गुस्से का शिकार होना पड़ा। महिलाओं ने उन्हें भी जमकर खरी-खोटी सुनाई। इसी दौरान मौके पर बुलाई गई कक्षा सात की कुछ छात्राओं ने शिक्षक खटनाल पर उनके साथ अश्लील बातें करने का आरोप लगाया।
छात्राओं ने बताया कि शिक्षक खटनाल उनसे विषय से हटकर अश्लील बातें करते हैं। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। महिलाओं ने बताया कि उनकी बेटियों ने बुधवार शाम को ही अध्यापक की करतूतों का खुलासा किया था। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती धीरज शर्मा व दीपक गिरी मौके पर पहुंचे।
श्रीमती शर्मा ने विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में जाकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों, महिलाओं, छात्राओं व आरोपी शिक्षक के बयान भी दर्ज किए। अधिकारियों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
आरोपी ने बदले सुर
महिलाओं ने जब आरोपी शिक्षक ओमप्रकाश खटनाल पर छात्राओं के साथ अश्लील बातें करने का आरोप लगाया तो उसने तुरंत उनसे माफी मांग ली। लेकिन, मौके पर पहुंची अतिरिक्त ब्लॉक प्रांरभिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती शर्मा को हाथ जोड़कर कहा कि उनका तो यहां से तबादला करा दो।
जांच शुरू कर छात्राओं, महिलाओं व शिक्षक के बयान ले लिए गए हैं। मामले की नजाकत को देखते हुए अध्यापक ओमप्रकाश खटनाल को स्कूल से हटा दिया गया है और उन्हें अपनी उपस्थिति ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय जवाजा में देने के निर्देश दिए गए हैं।
-धीरज शर्मा, अतिरिक्त ब्लॉक प्रांरभिक शिक्षा अधिकारी
मेरे साथ महिलाओं ने मारपीट की है लेकिन मैंने पुलिस थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं करवाया है। आपस में मिल-बैठकर मामले को सुलझा लेंगे।
-ओमप्रकाश खटनाल, आरोपी शिक्षक