अजमेर.
सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने आनन-फानन में कराए गए डामरीकरण पर अफसरों से स्पष्टीकरण मांगा है। राठौड़ ने विभाग द्वारा 26 जनवरी के अवसर पर कराए गए डामरीकरण और निर्माण कार्र्यो का निरीक्षण भी किया। इधर अफसरों ने डामरीकरण की बला जिला प्रशासन पर डाल दी। सार्वजनिक निर्माण विभाग के मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ गुरुवार सुबह डामरीकरण का निरीक्षण करने माकड़वाली रोड पहुंच गए।
राठौड़ ने मुख्य अभियंता डी सी कटारा से पूछा कि 21 जनवरी तक डामरीकरण पूरा हो जाना चाहिए था इसके बावजूद बुधवार की रात को डामरीकरण क्यों कराया जा रहा है। कटारा ने कहा कि प्रशासन ने बुधवार को ही डामरीकरण कराने के निर्देश दिए थे। राठौड़ ने पुष्कर रोड पर सड़क के दोनों और डाली गई लाल मिट्टी के साथ बड़े पत्थर डालने पर नाराजगी व्यक्त की।
राडौड़ ने मुख्य अभियंता कटारा को डामरीकरण की गई सड़कों के बारे में रिपोर्ट मांगी। इसके बाद राठौड़ ने स्टेशन रोड, कचहरी रोड, आनासागर लिंक सहित अन्य सड़कों का निरीक्षण किया। मालूम हो कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 25 जनवरी को सेंट स्टीवंज स्कूल में हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में शरीक होगी। प्रशासन को कार्यक्रम की पहले से इत्तला दी थी, इसके बावजूद प्रशासन ने सड़क का डामरीकरण कराने की सुध नहीं ली।
संभागीय आयुक्त दीपक उप्रेती ने विभाग को बुधवार को डामरीकरण कराने के निर्देश दिए थे। विभाग ने ठंडे तापमान के बावजूद देर रात तक डामरीकरण कराया। पूर्व में भी ठंडे मौसम में डामरीकरण कराने की वजह से सड़क उघड़ गई थी। इस संबंध में मुख्य अभियंता डीसी कटारा का कहना है कि मंत्री जी ने जो खामियां बताई थी, उसको पूरा कर दिया है। प्रशासन ने माकड़वाली मार्ग के डामरीकरण के बुधवार को आदेश दिए थे। समय कम होने की वजह से रात को डामरीकरण कराना पडा।