भोपाल. राजधानी स्थित हाई सिक्यूरिटी एनिमल डिसीज लैबोरेटरी (एचएसएडीएल) में पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्थानों से मुर्गियों और पक्षियों के नमूने आने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को यहां जांच के लिए 88 नमूने लाए गए। पश्चिम बंगाल से 12 जनवरी से अब तक यहां जांच के लिए कुल 613 से अधिक नमूने लाए जा चुके हैं।
एचएसएडीएल के संयुक्त निदेशक डा. एससी दुबे का कहना है कि पश्चिम बंगाल के नौ जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। बंगाल को छोड़कर अन्य किसी भी राज्य से आए नमूने जांच में पाजीटिव नहीं पाए गए हैं। लैबोरेटरी में नमूनों की जांच का काम लगातार जारी है। गुरुवार को आए नमूनों की जांच रिपोर्ट जल्द ही केंद्र सरकार को भेज दी जाएगी।
प्रदेश से भी भेजे जा रहे नमूने:
जहांगीरबाद स्थित राज्य पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला में प्रदेश केवभिन्न जिलों से मुर्गियों और पक्षियों के नमूने लाए जा रहे हैं। यहां से इन नमूनों को एचएसएडीएल भेजा रहा है। अब तक रायसेन, विदिशा, सागर, गुना, भोपाल, इंदौर समेत अनेक जिलों केनमूने जांच के लिए एचएसएडीएल भेजे जा चुके हैं। कुछ नमूनों की जांच भी हो चुकी है, जिनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।