bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

होटल-हॉस्टल पर आयकर विभाग की नजर

सीकर. हॉस्टल व होटल मालिकों पर आयकर विभाग ने तिरछी नजर रखनी शुरू कर दी है। विभाग को शक है कि इनके निर्माण में काले कारोबार का पैसा लगा हुआ है। कार्रवाई के लिए विभाग पूरी रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है। सूत्रों के अनुसार हॉस्टल व होटल मालिकों के खिलाफ शिकायतें भी जांच का मुख्य आधार बन रही है। नजर रखने के लिए जासूस भी नियुक्त किए गए हैं।

सीकर सहित जिले के कई कस्बों में होटलों का निर्माण हुआ है। विभाग को शक है कि दूसरे शहरों में काले कारोबार से कमाया पैसा शेखावाटी में लगाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, होटलों के निर्माण के लिए कागजातों में भी हेरफेर की गई है।

जिले में फैलते होटलों के जाल ने विभाग को कार्रवाई करने के लिए मजबूर कर दिया है। करोड़ों की लागत से बने होटलों में हाईफाई सामान उपयोग में लिया जा रहा है। जांच के लिए लिस्ट बनाने के लिए विभाग ने होटल व हॉस्टल की भव्यता को ध्यान में रखा है।

होटल मालिक से पूछताछ

कस्बे के घस्सू में एक होटल पर हुए आयकर सर्वे के बाद गुरुवार को संचालक को कार्यालय में तलब कर पूछताछ की गई। संचालक से पूछताछ दिनभर चलती रही। विभाग ने अघोषित आय की जानकारी मांगी की है। गौरतलब है कि आशीष होटल व हॉस्टल पर सर्वे के दौरान 50 लाख रुपए की अघोषित आय मिली थी। विभाग को शक है कि यह राशि करोड़ों तक पहुंचेगी।

आईटीओ आलोक जैन ने बताया कि होटल व हॉस्टल के सभी कागजात जब्त कर लिए गए है। नेशनल हाईवे पर होटल संचालन करने वाले हरलाल धायल से पूछताछ की जा रही है। अभी तक वह होटल व हॉस्टल में लगे पैसों का कोई ब्योरा नहीं दे पाया है। यह कारोबार उसकी पत्नी कमला देवी के नाम पर है। कार्रवाई के बाद से ही होटल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: