नई दिल्ली/मुंबई:
ज्वेलरी और सराफा व्यापारियों की खरीदी से सोना दिल्ली में 11,775 रुपए प्रति दस ग्राम के मुकाम पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय रुख और शेयर बाजार में सुधार के बाद घरेलू सराफा बाजार में धारणा सकारात्मक हो गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल में तेजी और डॉलर में सुधार के बाद कीमतें तेजी से बढ़ीं। इससे पहले दिल्ली में सोना 15 जनवरी को 11,710 रुपए प्रति दस ग्राम पर जा पहुंचा था।
भारत में शादी ब्याह का सीजन चल रहा है, लेकिन सोने में उछाल के बाद ग्राहकी घट जाती है। मंदे में जैसे ही सोने में खरीदी के आसार हुए थे, फिर तेजी आने से भौतिक मांग नगण्य रह गई।
दक्षिण अफ्रीका के तीन प्रमुख सोना उत्पादकों और प्लेटिनम खनिक कंपनियों ने बिजली संकट के कारण उत्पादन बंद कर दिया। इसके बाद सोने की कीमतें तेजी से 250 रुपए उछल गईं।
चांदी में क्या हुआ: सोने में तेजी के बाद चांदी हाजिर 300 रुपए बढ़कर 20,700 रुपए प्रति किग्रा हो गई। मंगलवार को चांदी के भाव 19,700 रुपए थे। चांदी में तीन दिनों में एक हजार रुपए की चमक आई है। चांदी ने 20 अप्रैल 2006 को 22,500 रुपए का रिकार्ड बनाया था।
क्या होगा: 1. ली चियोंग गोल्ड डीलर्स के निदेशक रोनाल्ड ल्यूंग का कहना है कि सोना 950 डॉलर की तरफ जा रहा है। बिजली संकट के कारण सोने में अल्पकालिक तेजी है। 2. सोने में कुछ करेक्शन की संभावना भी है, लेकिन यह 880 या 900 डॉलर से ज्यादा नहीं जाएगा। 3. भारतीय बाजार में व्यापारियों को सोने में ठोस तेजी की उम्मीद नहीं है। इस तेजी में न्यूयार्क, यूरोप और जापान से कागजी सौदों की खबरें मिली हैं।